बरेली: 1 नवंबर से मतदाता पुनरीक्षण कार्य, राजनैतिक दलों से मांगी एजेंटों की सूची

बरेली: 1 नवंबर से मतदाता पुनरीक्षण कार्य, राजनैतिक दलों से मांगी एजेंटों की सूची

बरेली, अमृत विचार। 1 नवंबर से शुरू हो रहे पुनरीक्षण कार्य के दृष्टिगत बुधवार को अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी वीके सिंह ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में जानकारी …

बरेली, अमृत विचार। 1 नवंबर से शुरू हो रहे पुनरीक्षण कार्य के दृष्टिगत बुधवार को अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी वीके सिंह ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में जानकारी दी गयी।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद की समस्त विधानसभा निर्वाचक क्षेत्रों में कुल 3189337 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल हैं। जिसमें से 1734080 पुरुष, 1455150 महिला एवं 107 तृतीय लिंग मतदाता हैं। विधानसभाओं में कुल 3791 पोलिंग बूथ व 1954 पोलिंग सेंटर हैं। जिस पर बूथ लेवल अधिकारी व सुपरवाइजर की नियुक्ति कर दी गई। जिसकी सूची राजनैतिक दलों को उपलब्ध करायी गई। रातनैतिक दलों से कहा गया कि वे 3791 पोलिंग बूथों पर बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति कर उसकी सूची जिला निर्वाचन कार्यालय तथा संबंधित तहसील में उपलब्ध करा दें।

उन्होंने बताया कि 1 नवंबर 2021 को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किया जायेगा। बूथ लेवल अधिकारी 1 नवंबर से 30 नवंबर 2021 तक घर-घर भ्रमण करते हुए अर्हता तिथि 1 जनवरी 2022 की अवधि में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवकों से फार्म-6 भरवाकर प्राप्त करेंगे। मृतक, शिफ्टेड व डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटवाने के लिये आयोग के निर्देशानुसार फार्म 7 भरा जाएगा। भ्रमण के दौरान यदि किसी मतदाता का नाम, पिता/पति का नाम, जन्म तिथि का पता गलत है तो मतदाता से आवश्यक दस्तावेज का प्रमाण पत्र प्राप्त करते हुए फार्म 8 भरवाएं।

उन्होंने बताया कि फार्म 6 व 8 आयोग की ऑनलाइन वेबसाइट राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल पर भी भरवा सकते हैं। वोटर हेल्पलाइन एप डाउनलोड कर समस्त फार्मों को भर सकते हैं। बताया कि दावे और आपत्तियों का निस्तारण 20 दिसम्बर 2021 तक किया जायेगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 5 जनवरी 2022 को किया जायेगा। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट राजीव पांडेय उप जिलाधिकारी सदर कुमार धर्मेंद्र, राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, जिला महामंत्री आदि उपस्थित रहे।