बरेली: विद्यार्थी बनकर लेखा-जोखा की कॉपियां लाए, नंबर देकर करें पास

बरेली: विद्यार्थी बनकर लेखा-जोखा की कॉपियां लाए, नंबर देकर करें पास

बरेली, अमृत विचार। हम (भाजपा) ने करीब साढ़े चार साल शहर विधानसभा समेत अन्य विधानसभाओं की कॉपियों के पन्ने तमाम उपलब्धियों से भरे हैं। अब कॉपियों के साथ किताबें लेकर विद्यार्थी बनकर बुद्धिजीवी वर्ग के लोगों के सामने आए हैं। हमें कितने नंबर देंगे या दिलाएंगे, ये कार्य आप सभी प्रबुद्ध लोगों का है। कुछ …

बरेली, अमृत विचार। हम (भाजपा) ने करीब साढ़े चार साल शहर विधानसभा समेत अन्य विधानसभाओं की कॉपियों के पन्ने तमाम उपलब्धियों से भरे हैं। अब कॉपियों के साथ किताबें लेकर विद्यार्थी बनकर बुद्धिजीवी वर्ग के लोगों के सामने आए हैं। हमें कितने नंबर देंगे या दिलाएंगे, ये कार्य आप सभी प्रबुद्ध लोगों का है।

कुछ इसी तरह प्रबुद्ध सम्मेलन में वक्ताओं ने मंच से डॉक्टर, सीए, अधिवक्ता, इंजीनियर से 2022 में सहयोग की मांग करते हुए कॉपियां देखकर शत-प्रतिशत नंबर देने की बात कही। सम्मेलन के मुख्य वक्ता केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। एक कार्यकर्ता बिना चुनाव लड़े शून्य से शिखर पर पहुंच सकता है। इसमें किसी तरह का भेदभाव नहीं हैं। इसका उदाहरण वह स्वयं हैं।

केंद्र और राज्य सरकार मिलकर जन-जन का कल्याण करने में जुटी है। वोटों की बात करें तो सौ वोटों में 60 वोट भाजपा के हैं तो 40 वोट सभी दलों में बंटे हैं। मिनी बाईपास स्थित एक रिसॉर्ट में रविवार को आयोजित भाजपा ने शहर विधानसभा का प्रबुद्ध सम्मेलन कराया। सबसे पहले प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करते हुए शहर विधायक डा. अरुण कुमार ने कहा कि यूपी में डबल इंजन की सरकार ने जो काम किए हैं वे पिछले सरकारों में नहीं हुए। जन-जन की हर सुविधा का ख्याल रखते हुए सरकार ने यूपी में एक और करोड़ गैस कनेक्शन देने को कहा है।

जिनके यहां गैस कनेक्शन नहीं है वे ऑनलाइन आवेदन कर मेरे कार्यालय में कॉपी दे दें। बरेली में राजकीय मेडिकल कॉलेज नहीं बना लेकिन मुख्यमंत्री से एम्स स्तर का अस्पताल की मांग काफी पहले की गयी। जिस पर मुख्यमंत्री विचार कर रहे हैं। आईटी पार्क भी सीबीगंज में जल्द शुरू कराने की तैयारी चल रही है। महानगर प्रभारी गोपाल अंजान ने कहा कि साढ़े चार साल तक भाजपा ने बिना भेदभाव काम कराए और अब विद्यार्थी बनकर लेखा-जोखा की कॉपी प्रबुद्धजनों के सामने रखीं गयीं हैं।

कॉपियां देखकर आप जैसे बुद्धिजीवी लोगों को ही नंबर देने हैं। मेयर डा. उमेश गौतम ने कहा कि बरेली में पुलों का जाल बढ़ रहा है। आने वाले समय में आमजन के लिए एक छोर से दूसरे छोर तक जाने में जाम से होकर जाना नहीं पड़ेगा। सम्मेलन शुरू होने पहले मुख्य वक्ता केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

नाराजगी में माइक थाम गोपाल अंजान ने कार्यकर्ताओं को दी नसीहत
प्रबुद्ध सम्मेलन में केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल शर्मा का स्वागत चल रहा था। इस दौरान महानगर कमेटी के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता सीटों से उठ गए और मंच की तरफ पहुंचने लगे। इससे कार्यक्रम में शोरगुल शुरू हो गया। इस पर महानगर प्रभारी गोपाल अंजान ने माइक थामा और नाराजगी भरे अंदाज में कहा कि सभी कार्यकर्ता अपनी सीटों पर बैठ जाएं। केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा हर एक कार्यकर्ता से मिलेंगे। जल्दबाजी करके अव्यवस्था न फैलाएं। इससे पहले भी महानगर अध्यक्ष केएम अरोड़ा, कार्यक्रम का संचालन कर रहे महानगर महामंत्री अधीर सक्सेना भी कार्यकर्ताओं को शांत रहने के लिए कह चुके थे लेकिन कार्यकर्ता शोर मचाते रहे।

संतोष गंगवार आकर चले गए
प्रबुद्ध सम्मेलन 4 बजे से शुरू होना था। इस बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद संतोष गंगवार सम्मेलन में आए लेकिन कार्यक्रम शुरू नहीं हुआ था। कुछ देर संतोष गंगवार रिसॉर्ट में रुके। इसके बाद चले गए। इधर कार्यक्रम से संतोष गंगवार के जाने को कई तरह की चर्चाएं भी कार्यकर्ताओं में होती रहीं।