सिंधिया की यात्रा के लिए भाजपा के झंडे के रंग में रंगा गया घोड़ा, अब घोड़े के मालिक को ढूंढ रही पुलिस, जानिए क्यों?
इंदौर (मध्य प्रदेश)। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की जन आशीर्वाद यात्रा के लिए इंदौर में एक घोड़े को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झंडे के रंग में रंगे जाने के खिलाफ पशु क्रूरता की शिकायत पर पुलिस घोड़े के मालिक की तलाश कर रही है। चश्मदीदों ने बताया कि शहर में बृहस्पतिवार को सिंधिया की …
इंदौर (मध्य प्रदेश)। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की जन आशीर्वाद यात्रा के लिए इंदौर में एक घोड़े को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झंडे के रंग में रंगे जाने के खिलाफ पशु क्रूरता की शिकायत पर पुलिस घोड़े के मालिक की तलाश कर रही है। चश्मदीदों ने बताया कि शहर में बृहस्पतिवार को सिंधिया की जन आशीर्वाद यात्रा में एक घोड़े को भाजपा के झंडे के रंग में रंगकर शामिल किया गया था। इस घोड़े के शरीर पर अंग्रेजी में बीजेपी लिखा गया था और उसकी खाल पर पार्टी का चुनाव चिह्न कमल का फूल भी रंगों से उकेरा गया था।
चश्मदीदों के मुताबिक यह घोड़ा सिंधिया की यात्रा में उनके रथ (विशेष रूप से तैयार चारपहिया वाहन) के आस-पास चल रहा था। अधिकारियों ने बताया कि इस घोड़े की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पशुओं के लिए काम करने वाली संस्था पीपुल फॉर एनिमल्स की स्थानीय इकाई की अध्यक्ष प्रियांशु जैन ने संयोगितागंज पुलिस थाने को शिकायत कर पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। गौरतलब है कि भाजपा सांसद मेनका गांधी इस संस्था की प्रमुख हैं।
संयोगितागंज थाने के प्रभारी राजीव त्रिपाठी ने शनिवार को कहा कि हम पीपुल फॉर एनिमल्स की शिकायत पर जांच कर कर रहे हैं। वस्तुस्थिति का पता लगाने के लिए संबंधित घोड़े के मालिक की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि घोडे़ पर क्रूरता की शिकायत को लेकर अभी कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
नवनियुक्त केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री सिंधिया ने पश्चिमी मध्य प्रदेश के मालवा-निमाड़ अंचल के आम लोगों तक पहुंचने के लिए मंगलवार से जन आशीर्वाद यात्रा शुरू की थी। उनकी यह तीन दिवसीय यात्रा बृहस्पतिवार को इंदौर में समाप्त हुई।