मुरादाबाद : सपा पार्षद पर हमले में पिता-पुत्र समेत 6 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

मुरादाबाद, अमृत विचार। सपा पार्षद पर हमले के आरोप में सिविल लाइन पुलिस ने पिता-पुत्र समेत छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी पक्ष की ओर से भी थाने में पार्षद के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के आशियाना फेस -3 निवासी सुदेश कुमार …
मुरादाबाद, अमृत विचार। सपा पार्षद पर हमले के आरोप में सिविल लाइन पुलिस ने पिता-पुत्र समेत छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी पक्ष की ओर से भी थाने में पार्षद के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के आशियाना फेस -3 निवासी सुदेश कुमार ने बताया कि वह वार्ड संख्या पांच से सपा पार्षद हैं। उन्होंने थाने में दी तहरीर में बताया कि वह बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में ढाप वाले मंदिर के पास अजय तोमर, नक्षत्रपाल और अमित पाठक व तीन अज्ञात लोग मिल गए और उन्होंने उन्हें पीटना शुरू कर दिया और पगड़ी खींचकर हवा में उछाल दी। इसके बाद पार्षद की जेब से सात हजार रुपये निकाल लिए और सोने की चेन लूट ली। हमला करने वाले भाजपा कार्यकर्ता हैं।
सिविल लाइंस थाना प्रभारी रवींद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तीन नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मारपीट, एससी एसटी एक्ट, जान लेवा हमला और लूट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि केस की विवेचना के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। दूसरे पक्ष ने भी तहरीर दी है। उन्होंने भी मारपीट का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था।