पीलीभीत: डीएम साहब! क्या इसी तरह पूरा हो गया 27 लाख पौधों का लक्ष्य

 पीलीभीत: डीएम साहब! क्या इसी तरह पूरा हो गया 27 लाख पौधों का लक्ष्य

 पीलीभीत, अमृत विचार। वन महोत्सव के तहत जिले को मिले पौधरोपण के लक्ष्य को पूरा करने का दावा कर अधिकारियों ने शासन से लेकर प्रशासन की वाहवाही लूट लिया। यही नहीं शेष बचे लक्ष्य को 15 अगस्त को पूरा करने के लिए तैयार होने की बात कही जा रही है। अधिकारियों ने 27 लाख पौधों …

 पीलीभीत, अमृत विचार। वन महोत्सव के तहत जिले को मिले पौधरोपण के लक्ष्य को पूरा करने का दावा कर अधिकारियों ने शासन से लेकर प्रशासन की वाहवाही लूट लिया। यही नहीं शेष बचे लक्ष्य को 15 अगस्त को पूरा करने के लिए तैयार होने की बात कही जा रही है। अधिकारियों ने 27 लाख पौधों का यह लक्ष्य कैसे पूरा किया यह माधोटांडा रोड पर सड़क किनारे फेंके गए पौधों को देखकर हर कोई समझ सकता है। हाइवे किनारे पौधों को लावारिश फेंक कर जिले में लक्ष्य को पूरा कर दिया गया।

पर्यावरण को सुरक्षित करने और हरा भरा बनाए रखने के लिए हर साल शासन की ओर से प्रदेश में वृहद रूप में पौधरोपण कराया जाता है। इस पर वन महोत्सव के तहत जिले को 37 लाख से अधिक का लक्ष्य दिया गया था। इस लक्ष्य को लेकर सामाजिक वानिकी की ओर से नर्सरी में पौधों को तैयार कराया गया था। इसके बाद पहली जुलाई से पौधरोपण का आगाज हुआ था।

पांच जुलाई को एक साथ सभी 27 विभागों की ओर से 27 लाख पौधों को लगाया गया था। सभी ने संरक्षण और देखरेख का संकल्प भी लिया था। कागजों में एक दिन में 27 लाख पौधों को लगाकर लक्ष्य को पूरा कर दिया। यह लक्ष्य धरातल पर सामाजिक वानिकी के क्रिया कलापों की पोल खोलता दिख रहा है। पौधरोपण के नाम पर सैकड़ों पौधों को हाइवे किनारे फेंक दिया गया जो लगाए ही नहीं जा सके।

पीलीभीत-माधोटांडा रोड पर हाइवे किनारे ऐसे काफी पौधे पड़े हुए हैं। इन सभी की जड़ें पॉलीथिन में बंद है और लग न पाने से सूख गई हैं। ऐसा सिर्फ एक स्थान पर नहीं बल्कि कई स्थानों पर पौधों को फेंका गया है।

अभियान के बाद जिम्मेदार भूल जाते परवरिश

अभियान के तहत युद्व स्तर पर पौधों को लगाया जाता है और दावे भी संरक्षण के किए जाते हैं। लेकिन पौधरोपण के बाद लोग उनको पानी देना ही भूल जाते हैं। यही कारण है कि ग्रीन बेल्ट में लगाए जाने वाले पौधे पानी के अभाव में ट्री-गार्ड में भी दम तोड़ जाते हैं। जिला अस्पताल रोड पर ऐसे बिना पौधे के कई ट्री-गार्ड दिखाई पड़ते हैं।

अब 15 अगस्त पर पौधरोपण की चल रही तैयारी

जिले को मिले 37 लाख के लक्ष्य को पूरा करने के लिए अब 15 अगस्त पर पौधरोपण की तैयारी की गई है। 27 लाख पौधों को पांच जुलाई को लगाने के बाद अब शेष 15 अगस्त को लगाए जाएंगे। इसके लिए स्थानों को चिन्हित कर लिया गया है।

माधोटांडा रोड पर पौधों को फेंका नहीं गया है। उनको रखा गया है ताकि लगाए गए पौधों के सूख जाने के बाद दूसरा लगाया जा सके। इसकी देखरेख की जिम्मेदारी भी दी गई है। पौधरोपण के बाद बारिश न होने से खराब पौधों के स्थान पर इनको लगाया जाएगा। – संजीव कुमार, डीएफओ, सामाजिक वानिकी प्रभाग पीलीभीत।

ये भी पढ़ें – पीलीभीत: बिना पंजीकरण के अस्पताल में हो रहे प्रसव, स्वास्थ्य विभाग बना मूकदर्शक