बरेली: सपाइयों ने कलेक्ट्रेट तक अर्द्धनग्न होकर किया प्रदर्शन

बरेली: सपाइयों ने कलेक्ट्रेट तक अर्द्धनग्न होकर किया प्रदर्शन

बरेली, अमृत विचार। बढ़ती महंगाई, बिगड़ती कानून व्यवस्था, आजम खां की रिहाई समेत कई मांगों को लेकर मंगलवार को समाजवादी पार्टी के तमाम संगठन सड़क पर उतर आए। पुलिस प्रशासन की सख्ती के बावजूद पार्टी कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक सपाइयों ने अर्द्धनग्न रैली निकाली। केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। सपाइयों …

बरेली, अमृत विचार। बढ़ती महंगाई, बिगड़ती कानून व्यवस्था, आजम खां की रिहाई समेत कई मांगों को लेकर मंगलवार को समाजवादी पार्टी के तमाम संगठन सड़क पर उतर आए। पुलिस प्रशासन की सख्ती के बावजूद पार्टी कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक सपाइयों ने अर्द्धनग्न रैली निकाली। केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।

सपाइयों का कहना था कि स्कूल नहीं तो फीस नहीं, बेरोजगारों को रोजगार दो, पुलिस के दम पर सरकार नहीं चलेगी, जब से भाजपा आई कमर तोड़ महंगाई लाई , आजम खां की रिहाई के नारे लगाए। बड़ी संख्या में सपाइयों के कलेक्ट्रेट पहुंचने पर पुलिस के हाथ पांव फूल गए। सीओ प्रथम यतेंद्र सिंह, कोतवाल पंकज पंत ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बेरिकेडिंग लगवाईं।

एसीएम प्रथम रोहित यादव के पहुंचने पर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन दिया। सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी जनहित एवं जन कल्याण के मुद्दों पर संघर्षरत रहती है। देश में डीजल और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के कारण ट्रांसपोर्ट से जुड़ी तमाम वस्तुओं पर भाड़ा बढ़ने से रोजमर्रा की जरूरतमंद वस्तुओं की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के कारण बजट बिगड़ गया है।

रिक्त सरकारी पदों पर नियुक्तियां न होने से युवा बेरोजगारी का दंश झेल रहे हैं। कोरोना काल में स्कूल, कॉलेज बंद होने पर भी अभिभावकों से मोटी फीस वसूली जा रही है। जिसके चलते समाजवादी पार्टी के चारों यूथ फ्रंटल संगठन समाजवादी युवजन सभा, मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड,समाजवादी लोहिया वाहिनी, समाजवादी छात्र सभा सरकार का विरोध करने को मजबूर है।

ज्ञापन में डीजल-पेट्रोल, रसोई गैस की वृद्धि पर रोक, कोरोना काल में स्कूल-कॉलेज अभिभावकों से जबरन वसूली गई फीस, अगले सत्र को समायोजित कर फीस माफ करने के आदेश पारित करने, सरकारी विभागों में रिक्त पड़े पदों पर भर्ती कर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, कृषि अधिनियम के तीनों कानून रद्द करने समेत कई मांग की गई। महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि जब से उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है। हत्या, लूट, बलात्कार जैसी घटनाएं बढ़ी हैं। ऐसी स्थिति में उत्तर प्रदेश सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाया जाए। इस मौके पर गजेंद्र कुर्मी, भुवनेश यादव, मोहित भारद्धाज, शुजा खान, मोहित, अहमद खान, टीटू, वसीम चौधरी, मुकेश यादव, फरहान, अमर काले, फहीम हैदर, अतुल पाराशरी, एजाज आदि मौजूद रहे।

सपा के प्रदेश अध्यक्ष आज बरेली में
विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी जनसमस्याओं के मुद्दे पर लोगों को जागरूक करने के लिए पांच अगस्त को तहसील स्तर पर ‘समाजवादी साइकिल यात्रा’ निकालेगी। इसमें बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, पुलिस उत्पीड़न, किसान, मजदूर, नौजवान तथा महिलाओं के मुद्दे उठाए जाएंगे। साइकिल यात्रा व आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल बुधवार को बरेली पहुंचेंगे। रात्रि विश्राम के बाद वह गुरुवार को साइकिल यात्रा को झंडी दिखाएंगे। जिलाध्यक्ष अगम मौर्या ने बताया कि साइकिल यात्रा निकाले जाने की तैयारियों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रणनीति बन चुकी है।

बरेली: मिनी बाईपास पर बिल्डर की अवैध दुकानों पर चला बुलडोजर