पीलीभीत: नेपाल पुलिस की गोली से हुई भारतीय नागरिक की मौत के मामले ने तूल पकड़ा

पीलीभीत: नेपाल पुलिस की गोली से हुई भारतीय नागरिक की मौत के मामले ने तूल पकड़ा

अमृत विचार, पूरनपुर/हजारा। गुरुवार शाम 5 बजे के करीब पिलर संख्या 38.39 के बीच कालीघाट के पास गन्ने की बुवाई कर नाले में नहा रहे चार मजदूरों को नेपाल सशस्त्र पुलिस ने घेर लिया। पुलिस से बचने के लिए भागते समय नेपाल पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें एक मजदूर की मौके पर मौत हो गई। …

अमृत विचार, पूरनपुर/हजारा। गुरुवार शाम 5 बजे के करीब पिलर संख्या 38.39 के बीच कालीघाट के पास गन्ने की बुवाई कर नाले में नहा रहे चार मजदूरों को नेपाल सशस्त्र पुलिस ने घेर लिया। पुलिस से बचने के लिए भागते समय नेपाल पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें एक मजदूर की मौके पर मौत हो गई।

एक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए लखनऊ भेजा गया है। उनके दो साथी नेपाल पुलिस से बमुश्किल जान बचाकर भारत अपने गांव पहुंचे।

जिलाधिकारी पुलकित खरे व पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश देर रात ही भारत-नेपाल सीमा पर पहुंच गए और नेपाल के अधिकारियों से संपर्क कर माहौल को शांत कराने का प्रयास किया। इसके साथ ही भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी को हाई अलर्ट कर दिया गया है। इस घटना से आसपास के रहने वाले ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हालांकि उनमें आक्रोश भी है।

थाना हजारा क्षेत्र के बम्हनपुर भागीरथ भूमिदान निवासी गोविंदा सिंह व गुरमेज सिंह को गुरुवार शाम गोली लगी थी। शुक्रवार सुबह पांच थानों की पुलिस सहित एसपी, डीएम व एसएसबी के उप सेनानायक घटना स्थल पर जाने के बाद मृतक के परिजनों से मिले।

घटना में बचकर आए दोनों युवकों से जानकारी ली गई। शव नेपाल पुलिस के कब्जे में था। दोनो देशों के उच्चाधिकारियों की एक बैठक एसएसबी कैंप कमलापुरी पिलर संख्या 209 चेक पोस्ट में हुई। बैठक में दोनों देशों के अधिकारियों ने आपस में सद्भाव कायम रखने के लिए विचार-विमर्श किया।

उधर, नेपाल पुलिस के चंगुल से बचकर आए घायल गुरमेज सिंह, पप्पू सिंह व रेशम सिंह ने बताया कि वह सब गन्ने की बुवाई करने के बाद नाले में नहा रहे थे। तभी नेपाल सशस्त्र पुलिस वहां आ गई और उन्हें घेर लिया। नेपाली पुलिस से इनकी बहस होने लगी, जिस पर नेपाली पुलिस ने गोली चला दी।

गोली लगने से गोविन्दा सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। उसका शव नेपाल पुलिस लेकर चली गई। गुरमेज सिंह को पैर में और एक गोली उसके पेट में लगी है, जो दाएं से पेट चीरती हुई बाएं पार हो गई है। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज लखनऊ में भर्ती कराया है।

युवकों ने बताया कि गोली भारतीय सीमा में नोमेंस लैंड से करीब 300 मीटर अंदर मारी गई है। सुतिया नाले के किनारे से गोविंदा का शव नेपाल एपीएफ उठाकर ले गई। शव के साथ मृतक का पिता भी नेपाल गया था, जिसे शव नहीं दिया गया। ग्रामीणों व मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस व एसएसबी के अधिकारी कोई भी घटना स्थल पर नहीं गये। पुलिस ग्रामीणों को भी घटना स्थल की ओर नहीं जाने दे रही। उधर, नेपाल पुलिस घटना स्थल के पास घेरा डाले हुई है।

एडीजी बरेली जोन अविनाश चंद्र, जिलाधिकारी पुलकित खरे, पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश, 49वीं वाहिनी डिप्टी कमांडेंड अमनदीप सिंह, उप जिलाधिकारी राजेन्द्र प्रशाद, क्षेत्राधिकारी लल्लन सिंह व नेपाली एपीएफ एसपी वीरेंद्र कुमार, कंचनपूर पुलिस अधीक्षक उमा प्रसाद चतुर्वेदी, सीडीओ राम प्रकाश मेहता के बीच कई घंटे सद्भावपूर्ण बातचीत हुई।