बरेली: गुरु के प्रकाश से रोशन हुआ आस्था का दरबार

अमृत विचार, बरेली। सिखों के दशवें पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को कोहाड़ापीर गुरुद्वारे से भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। इस दौरान गुरुद्वारा साहिब में गुरबाणी का पाठ और शबद कीर्तन का आयोजन किया गया। वहीं, नगर कीर्तन की अगुवाई पंच प्यारे कर रहे थे। गतका पार्टी ने …
अमृत विचार, बरेली। सिखों के दशवें पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को कोहाड़ापीर गुरुद्वारे से भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। इस दौरान गुरुद्वारा साहिब में गुरबाणी का पाठ और शबद कीर्तन का आयोजन किया गया।
वहीं, नगर कीर्तन की अगुवाई पंच प्यारे कर रहे थे। गतका पार्टी ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर सभी का मन मोह लिया। इस दौरान श्री गुरु ग्रंथ साहिब का दीवान बड़े ही खूबसूरत तरीके से सजाया गया था। नगर कीर्तन काा जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। नगर कीर्तन के मार्ग पर संगत ने सेवा की। सैकड़ों की तादाद में लोग नगर कीर्तन के साथ चल रहे थे। इस दौरान पूरा इलाका गुरु के रंग में रंगा नजर आया।
वैश्विक महामारी कोरोना की रफ्तार धीमी पड़ने और टीकाकरण अभियान शुरू होने के बाद धार्मिक आयोजन भी पुरानी भव्यता धारण करने लगे हैं। इसी कड़ी में रविवार को श्रीगुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में कोहाड़ापीर गुरुद्वारे से खालसा पंथ सुखमनी सेवा सोसाइटी बरेली की ओर से श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की अगुवाई में नगर कीर्तन निकाला गया। इसका समापन शाम को चौकी चौराहे स्थित पंजाबी सत्संग सभा पर हुआ।
नगर कीर्तन कुतुबखाना पंजाबी मार्केट कोतवाली सिविल लाइन होते हुए चौकी चौराहे स्थित गुरुद्वारे पर संपन्न हुआ। नगर कीर्तन में पंच प्यारे, निशान साहिब, नगाड़ा, निहंग सिंहों की फौज, सुभाष नगर गुरुद्वारे की गतका पार्टी शामिल रही। पाइप बैंड और कीर्तनी जत्थों ने नगर कीर्तन की शोभा बढ़ाई। सभी गुरुद्वारों के जत्थे शामिल रहे।
अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर से भी जत्था नगर कीर्तन में शामिल हुआ। श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी साहिब के आगे तमाम गुरु सेवक पुष्प वर्षा करते चल रहे थे। पालकी साहिब नानकमत्ता (उत्तराखंड) से आई थी। पाइप बैंड पंजाब से बुलाया गया था। इस मौके पर मोहन सिंह बख्शी, गुरदीप सिंह बग्गा, परमजीत सिंह, हरवंत पाल सिंह बेदी, राजू सहानी, प्रिंस सोढी, विक्की, खालसा पंथ सेवा सोसाइटी के मुख्य सेवादार त्रिलोचन सिंह सलूजा, कुलवंत सिंह, गुरुभेद सिंह आदि का सहयोग रहा।
भक्तिमय हुआ वातावरण
नगर कीर्तन में अमृतसर से कवि अवतार सिंह तारी और मालेरकोटला से जमीर अली जमीर भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नगर कीर्तन में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी को समर्पित पाठ कर पूरा वातावरण भक्तिमय बना दिया।
बच्चों में भी दिखा उत्साह
नन्हे बच्चों में नगर कीर्तन को लेकर काफी उत्साह नजर आया। सुबह 6:30 बजे हाथों में पुष्प की पंखुड़ियों को लिए नगर कीर्तन के स्वागत में खड़े नजर आए। सिखों के 10वें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रोजाना प्रभातफेरियां भी निकाली जा रही हैं जो लगभग 5.30 से 6 बजे गुरुद्वारा साहिब से निकलती हैं। इनमें बड़ी संख्या में बच्चे अपने माता-पिता के साथ सम्मिलित होते हैं। कुछ बच्चे कीर्तन भी करते हैं। इनमें कनिष्का, मिष्ठी, जक्ष्य, दर्शप्रीत, इश्मीत, प्रभजोत, हर्षप्रीत, मनमीत आदि शामिल हैं।
पंजाबी महासभा ने पुष्प वर्षा कर किया स्वागत
पंजाबी महासभा द्वारा कुतुबखाने पर श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में निकाले गए नगर कीर्तन का स्वागत किया गया। इस दौरान पंजाबी महासभा की तरफ से प्रसाद वितरण और पुष्प वर्षा की गई। इस दौरान अध्यक्ष संजय आनंद, महामंत्री देवराज चंडोक, रंजीत सिंह काका, युवा अध्यक्ष प्रिंस सोडी, शिवम आनंद, रोहित सभरवाल, हिमांशु भट्ट, संजीव साहनी, संजीव आनंद आदि मौजूद रहे।
समापन में शामिल हुए शहर विधायक
चौकी चौराहे पर स्थित पंजाबी सत्संग सभा गुरुद्वारा पर शाम को हुए नगर कीर्तन के समापन पर शहर विधायक डा.अरुण कुमार भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नगर कीर्तन पर पुष्प वर्षा की और नानकमत्ता साहिब से आई श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी के आगे मत्था टेका।