Chaitra Ram Navami 2025 : भए प्रकट कृपाला दीनदयाला, कौशल्या हितकारी
.jpg)
बारह बजते ही मंदिरों में गूंजे जय श्रीराम के लगे उद्घोष, देवालयों व देवी मंदिरों में दर्शन के लिए उमडे़ श्रृद्धालु
बाराबंकी : रामनवमी का पर्व रविवार को बड़ी धूमधाम से मनाया गया। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। गुलरियागार्दा स्थित बड़ी देवी मंदिर, लाजपत नगर का श्रीराम जानकी मंदिर और रसूलपुर स्थित छोटी माता मंदिर में विशेष आयोजन हुए। सत्यप्रेमीनगर के संतोषी माता मंदिर, रेलवे स्टेशन और धरोहर चौराहे के हनुमान मंदिर में भी उत्सव का माहौल रहा। दोपहर 12 बजते ही सभी मंदिरों में 'भए प्रकट कृपाला दीनदयाला' की धुन गूंजने लगी।
मंदिरों में महाआरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान लाजपत नगर स्थित श्रीराम जानकी मंदिर में पूर्व राज्यसभा सदस्य व भाजपा नेता विनय कटियार, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद मौर्या, चेयरमैन शीला सिंह व पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र वर्मा भी पहुंचे। वहीं श्रद्धालुओं ने अपने घरों में भी श्रीराम जन्मोत्सव मनाया। लाजपत नगर के श्रीराम जानकी मंदिर में भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण सहित पूरे राम परिवार का आकर्षक श्रृंगार किया गया। मंदिर समिति ने धार्मिक कार्यक्रम और भंडारे का आयोजन किया। रामसनेहीघाट क्षेत्र के मंदिरों में सुबह से हवन, कन्या पूजन और रामायण पाठ का आयोजन हुआ। बड़ेला गांव की नन्दा माता मंदिर, सुमेरगंज के बूढ़े हनुमान मंदिर और भिटरिया की छोटी हनुमान गढ़ी में विशेष कार्यक्रम हुए। सिद्धौर क्षेत्र के बीबीपुर स्थित देवी मंदिर में महिलाओं ने कन्या भोज का आयोजन किया। पुरुषों ने संगीतमय तरीके से राम की विभिन्न लीलाओं का गायन किया। कई प्रसिद्ध मंदिरों में पहले से की गई आकर्षक साज-सज्जा ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
उत्साह से लबरेज श्रृद्धालु
रामनवमी को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। लाजपतनगर के श्रीरामजानकी मंदिर, भिटरिया के हनुमान गढी मंदिर में आरती के समय बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे। लोगों ने कतार में लगकर प्रसाद ग्रहण किया। साथ ही गुलरियागार्दा के बडी़ देवी मंदिर, रेलवे स्टेशन के हनुमान मंदिर, सत्य प्रेमी नगर कैलाश आश्रम में भीषण गर्मी व धूप के वावजूद राम भक्तों की आस्था और विश्वास में कोई कमी नही दिखी। सभी उत्साह से लबरेज दिखे। श्रीराम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। दोपहर 12 बजे आरती का आयोजन हुआ और उसके बाद प्रसाद का वितरण किया गया।
रामधुन के साथ जय श्रीराम का उद्घोष
रामनवमी पर लोगों ने श्रीराम की पूजा-अर्चना की। कई श्रद्धालुओं ने अपने घर पर कन्याओं को भोजन करवाया। शहर की गलियों में सुबह से रामधुन सुनाई देना आरंभ हो गई थी और 12 बजते ही रामायण की चौपाइयों सहित भजन-कीर्तन दिनभर सुनाई देते रहे।
मंदिरों में हुए हवन
शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के मंदिरों में श्रद्धालुओं ने हवन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। कन्याभोज, हवन और दर्शन के बाद नौ दिनों का व्रत रह रहे श्रद्धालुओं ने पारण भी किया।
यह भी पढ़ें:- Barabanki News : लापता पवन का सुराग नहीं, जारी रहेगा सर्च आपरेशन