बदायूं में सांड का आतंक, महिला के बाद अब दिव्यांग युवक की ले ली जान

बदायूं, अमृत विचार : एक तरफ पशु पालन विभाग छुट्टा गोवंश को गो आश्रय स्थल पर भिजवाने का दम भर रहा है तो वहीं सांड के हमले में हर महीने किसी ने किसी की मौत हो रही है। पांच दिन पहले सांड के हमले में एक महिला की मौत के बाद अब एक दिव्यांग युवक की मौत हो गई। खेत पर जाने के दौरान साड़ ने युवक पर हमला किया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।
हजरतपुर थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी विष्णु (38) पुत्र जगदीश दिव्यांग थे। वह खेती करके परिवार का पालन पोषण कर रहे थे। शुक्रवार की शाम वह फसल देखने के लिए खेत पर जा रहे थे। गांव से बाहर निकले तो सड़क पर एक सांड़ मिला। साड़ ने विष्णु पर हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास खेतों पर काम कर रहे किसान पहुंचे। सांड़ को भगाया लेकिन तब तक विष्णु गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों की सूचना पर परिजन पहुंचे। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा। जहां मृतक के भाई जितेंद्र ने बताया कि विष्णु चार भाइयों में सबसे बड़े थे। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में सांड़ों का आतंक है। किसान खेत पर जाने से पहले डरते हैं। सांड़ कभी भी हमला करके घायल कर देते हैं। शिकायत करने के बाद भी सांड़ के आतंक से मुक्ति नहीं मिल पा रही।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, होमगार्ड गार्ड की मौत