बदायूं: खेत की मेड़ के विवाद में कई राउंड फायरिंग, छर्रे लगने से पिता-पुत्र घायल

कुंवरगांव, अमृत विचार : थाना कुंवरगांव क्षेत्र के गांव में खेत की मेड़ के विवाद में बुधवार सुबह दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्ष में कई राउंड फायरिंग हुई। गांव निवासी पिता-पुत्र गोली के छर्रे लगने से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दूसरे पक्ष के लोगों को हिरासत में लिया है। पूछताछ की जा रही है।
गांव पनौटा निवासी जमुना प्रसाद, राम रहीस और ओमकार, दयाराम, रामकिशोर के बीच खेत की मेड़ को लेकर विवाद चल रहा है। जमुना प्रसाद का आरोप है कि ओमकार पक्ष ने खेत की मेड़ बढ़ाकर बांध दी है। जिसको लेकर चार दिन पहले भी खेत पर झगड़ा हो गया था। आरोप है कि ओमकार पक्ष ने जमुना प्रसाद के सिर में लाठी मारकर घायल कर दिया और लड़कियों को भी पीटा था। जिसकी शिकायत जमुना प्रसाद की तरफ से पुलिस से की गई थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
बुधवार सुबह तड़के एक बार फिर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए और छत से जमकर ईंट पत्थर बरसाए गए। कई राउंड फायरिंग की गई। बीच बचाव में आए गांव के प्रेमपाल पुत्र ओमकार गोली के छर्रे लगने से घायल हो गए। छर्रे उसके सिर और गर्दन और पेट में लगे। ओमकार भी घायल हो गए।
घायल पिता-पुत्र थाने पहुंचे और तहरीर दी। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल भेजकर मेडिकल परीक्षण कराया। जहां दोनों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने जमुना प्रसाद के पक्ष के लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। थानाध्यक्ष रामेंद्र सिंह ने बताया कि खेत की मेड़ को लेकर विवाद हुआ था। बीच बचाव में आए पिता-पुत्र घायल हुए हैं। जिन्हें अस्पताल भेजा गया। आगे की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- बदायूं: डिजिटल एक्स रे मशीन खराब, मरीजाें का हंगामा