14 मार्च को होली का रंग, 15 को छलड़ी

हल्द्वानी, अमृत विचार: होली के त्यौहार को लेकर लोगों में संशय बना है। होली का रंग 13 और 14 मार्च में से किस दिन खेला जाएगा, इसे लेकर भ्रम की स्थिति बनी है। ज्योतिषाचार्य डॉ. नवीन चंद्र जोशी ने बताया कि होलिका दहन 13 मार्च को होगा, जबकि होली का रंग 14 मार्च को खेला जाएगा।
उन्होंने बताया कि 9 मार्च रविवार को चीर बंधन एकादशी ध्वजारोहण किया जाएगा। 15 मार्च को छलड़ी और 16 मार्च को दंपत्ति टीका होगा। महंत गोपाल भट्ट ने बताया कि होलिका दहन पूर्णमाशी और पड़वा के बीच मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि 14 मार्च को पड़वा है, जिस दिन होली का रंग खेला जाएगा। होलिका दहन दिन में पड़ रहा है लेकिन दिन में नहीं मनाए जाने के कारण यह 13 मार्च को शाम 7 बजे से 7:30 बजे तक मनाई जा सकती है।
इधर, शहर में बैठकी होली खेली जानी भी शुरू हो गई हैं। 23 फरवरी से उत्तराखंड महिला कल्याण संस्था महिला होली प्रतियोगिता ऊंचापुल के रामलीला मैदान में की जाएगी। प्रतियोगिता में महिला होली की कई टीमें भाग ले रही हैं। वहीं, 24 फरवरी से शिखर सांस्कृतिक विकास समिति की बैठकी होली शहर के विवाह मंडप में खेली जाएगी।