Kanpur: महिला की हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने काटा हंगामा; फांसी पर लटकता मिला था शव, ससुरालीजनों व मायके पक्ष में हुई गाली-गलौज

Kanpur: महिला की हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने काटा हंगामा; फांसी पर लटकता मिला था शव, ससुरालीजनों व मायके पक्ष में हुई गाली-गलौज

कानपुर, अमृत विचार। महाराजपुर थानाक्षेत्र में दो माह से बुखार आने से पीड़ित महिला का शव दरवाजे के ऊपर बने जाल में तार के सहारे लटकता मिला था। जिससे वहां पर हड़कंप मच गया था। परिजनों के अनुसार सो रही बेटी की नींद खुली तो उसने मां को छटपटाता देखा तो हसिए से रस्सी को काट दिया था। 

लेकिन तब तक महिला की सांसे थम हो चुकी थी। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा काटा। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मायके पक्ष का आरोप था कि बहन का ठीक तरह से इलाज नहीं करा रहे थे, उसका गला दबाकर हत्या करने के बाद फांसी का रूप दे दिया गया। इस बात को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों में जमकर नोकझोंक और गालीगलौज हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर अलग-अलग कराया। 

थाना औंग के ग्राम उतरौली निवासिनी 42 वर्षीय छेदाना की शादी महाराजपुर के खुजऊपुर निवासी धनवान पासवान से हुई थी। शादी के बाद उसके चार बच्चे वीर सिंह, अनमोल सिंह, वीर प्रताप व बेटी दुर्गा है। बड़े बेटे वीर सिंह ने बताया कि पिछले दो महीने से मां को तेज बुखार आ रहा था। जिस कारण उनकी प्लेटलेट्स गिरती चली जा रही थी। लगातार उनकी दवा की जा रही थी। 

लेकिन ठीक न हो पाने के कारण मां अवसाद में चली जा रही थी। उसने बताया कि शनिवार को मां और बहन दुर्गा खाना खाने के बाद कमरे में सोने चली गई थी। रविवार सुबह बहन ने तेजी से शोर मचाया। जिस पर वह लोग कमरे की तरफ भागे। बताया कि उसकी बहन ने आनन-फानन मां की जान बचाने के उद्देश्य से हसिए से तार काट दिया। लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। 

बड़े बेटे ने बताया कि बुखार से परेशान होकर मां ने यह कदम उठाया। वहीं मायके पक्ष से छेदाना के भाई रामदयाल और रामरतन का आरोप था कि उनकी बहन की तबियत खराब थी। जिसके इलाज में ससुरालीजन लापरवाही बरत रहे थे। इस कारण वह लोग उसे अपने साथ ले आए। यहां चार महीने इलाज कराने के बाद ठीक होने पर नवरात्र में ससुरालीजन अपने साथ ले गए थे। 

वहां फिर से तबियत बिगड़ी तो इलाज नहीं कराया। आरोप है, कि उन लोगों ने मारापीटा इसके बाद गला दबाने के बाद उसे फांसी का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटकवा दिया। पोस्टमार्टम हाउस में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप-प्रत्यारोप लगाकर जमकर हंगामा और गालीगलौज की। 

इस दौरान महाराजपुर से साथ में आए पुलिसकर्मी न उन लोगों को शांत कराया। इस संबंध में महाराजपुर प्रभारी निरीक्षक संजय पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई है। मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है, तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- Farrukhabad: कंटेनर की टक्कर से पलटा ऑटो; वाहन में सवार 8 लोग हुए घायल, लोहिया अस्पताल में कराया गया भर्ती