Unnao News: 17.97 करोड़ से बने 468 ‘आसरा’ आवासों को लगा भ्रष्टाचार का घुन...आवंटित होने से पहले ही हो गए जर्जर

Unnao News: 17.97 करोड़ से बने 468 ‘आसरा’ आवासों को लगा भ्रष्टाचार का घुन...आवंटित होने से पहले ही हो गए जर्जर

उन्नाव, अमृत विचार। एक ओर जहां केंद्र व प्रदेश की सरकारें भ्रष्टाचार को जड़ से समाप्त करने के लिये ऐढ़ी-चोटी का जोर लगाए हुए हैं। वहीं दूसरी ओर भ्रष्टाचार के दलदल में डूबे अधिकारी अपनी यह आदत छोड़ नहीं पा रहे हैं। 

इसी के चलते हसनगंज तहसील अंतर्गत नगर पंचायत मोहान में करीब आठ साल पहले 17.97 करोड़ से बनाए गए 468 आसरा आवास बिना आवंटित हुए ही जर्जर हो गए हैं। जिससे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी योजना ‘आसरा’ गरीब परिवारों के लिए सपना बनकर रह गई है। 

बता दें कि नगर पंचायत मोहान क्षेत्र में गरीब परिवारों को रहने के लिए वर्ष-2017 में 17 करोड़ 97 लाख 21 हजार से 
चार मंजिला भवन में 468 आसरा आवास बनाए गए थे। जिनका आठ वर्ष बाद भी आवंटन नहीं हो सका है। हाल यह है कि आवास आवंटन से पहले ही आवासों की बिल्डिंग जर्जर होने लगी है। 

यहां बने कई आवासों के छज्जे दरार देने लगे हैं तो कुछ के छज्जे तो गिर भी चुके हैं। गलीमत रही कि आवासों में कोई रहता नहीं था नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल छज्जे को सही कराया जा चुका है। सूत्र बताते हैं कि निर्माण के बाद 7 नवंबर-2022 को नगर पंचायत के जिम्मेदारों द्वारा आवासों की गुणवत्ता की जांच करवाए बिना ही मोहान नगर पंचायत से हैंडओवर भी कर लिया गया था। 

लेकिन, आठ साल बाद भी पात्रों को इनका आवंटन तक नहीं किया सका। अब लोगों का यह कहना है कि अगर यह आवास गरीबों को आवंटित भी कर दिये गए तो उनमें रहना उनके लिये कितना सुरक्षित होगा। क्योंकि अधिकतर आवासों के छज्जों में दरारें आ चुकी है। जो यहां रहने वाले लोगों के लिए जान का खतरा है। 

बोले चेयरमैन…

मोहान चेयरमैन समरजीत यादव ने कहा कि आसरा आवासों का हाल बहुत खराब है। आवंटन से पहले ही उनमें पानी की व्यवस्था नहीं है क्योंकि वहां की मोटर खराब है। साथ ही दरवाजे, खिड़कियां भी टूटी पड़ी हैं। उन्होंने आरोप लगते हुए कहा कि डूडा अफसरों व पूर्व ईओ द्वारा करोड़ों का बंदरबांट कर अधूरे और मानक विहीन आवास बनाये गये थे। इसके बाद भी इन आवासों को हैंडओवर कर लिया गया था। तब से अब तक वे वैसे ही अधूरे पड़े हैं। इसे लेकर जिम्मेदार पल्ला झाड़ रहे हैं।

बोले जिम्मेदार… 

पीओ डूडा अरविंद सिंह ने बताया कि आसरा आवासों के छज्जे के टूटने की सूचना मिली थी। जिन्हें सही करा दिया गया है। वहीं आवास आवंटन की प्रक्रिया चल रही है। तहसील में पात्रता सूची के आधार पर इसकी जांच भी चल रही है। जल्द ही पात्र लोगों को आवास आवंटित कराए जायेंगे।

ये भी पढ़ें- कानपुर बार एसोसिएशन चुनाव में 79.89 प्रतिशत मतदान...6516 अधिवक्ता वोटरों में 5206 ने डाले वोट