उन्नाव की कंपनी एचएमए ग्रुप इंडिया ने दुबई की कंपनी से की 2000 करोड़ की ऐतिहासिक डील

उन्नाव की कंपनी एचएमए ग्रुप इंडिया ने दुबई की कंपनी से की 2000 करोड़ की ऐतिहासिक डील

उन्नाव, अमृत विचार। एचएमए ग्रुप इंडिया ने बीती 12 अक्टूबर को दुबई की एक कंपनी से हुए ऐतिहासिक समझौते की जानकारी दी है। इसमें उसने दुबई की कंपनी स्नैक फूड स्टफ्स ट्रेडिंग एलएलसी से साझेदारी की है। इसके तहत दोनों कंपनियां देश के कृषि उत्पादों में संयुक्त रूप से 2000 करोड़ का निवेश करेंगी। इस समझौते के दौरान दुबई के प्रसिद्ध व्यापारी खालिद मोहम्मद शरीफ अलावाहदी और खालिद मोहम्मद अमीरी मौजूद थे।

Clipboard - 2024-10-13T182433.331

कंपनी अधिकारियों ने बताया कि इस रणनीतिक साझेदारी से भारत और यूएई के बीच व्यापारिक संबंधों को नई दिशा मिलेगी और दोनों देशों के किसानों की आमदनी में भी वृद्धि होगी। इस समझौते का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि एचएमए ग्रुप अपने मजबूत ब्रांड के साथ खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) क्षेत्र में लोकल डिस्ट्रीब्यूशन चेन के जरिए इस वेंचर में शामिल हो गया है। जिससे क्षेत्रीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। 

इस समारोह में एचएमए ग्रुप के अध्यक्ष रफ़ीक नदाफ और ग्रुप के प्रमोटर/आईआरओ भी शामिल हुए। ग्रुप के जनरल मैनेजर खालिद मिर्जा ने बताया कि कंपनी हमेशा देश के किसानों व व्यापारियों के हित के लिए काम करती रही है और यह समझौता उसी दिशा में एक मजबूत कदम है। कहा कि एचएमए ग्रुप अपने सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) फंड से सामाजिक कार्यों में सहयोग करता रहा है साथ ही हर वर्ष पर्यावरण संरक्षण के लिए दो लाख पौधे रोपित करता है। 

इस निवेश से न केवल दोनों देशों के व्यापारिक संबंध मजबूत होंगे बल्कि, भारतीय किसानों को एक नया बाजार मिलेगा। जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। इसके साथ ही यह समझौता कृषि उत्पादों की गुणवत्ता और वितरण में भी सुधार लाएगा। यह समझौता एचएमए ग्रुप की अंतर्राष्ट्रीय विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और दोनों देशों के बीच सहयोग और विकास के नए अवसरों की संभावना को खोलेगा।  

यह भी पढ़ें- Etawah: ट्रेन से अगवा कर युवती से गैंगरेप; पीड़िता को कानपुर-आगरा हाईवे पर फेंक कर भागे आरोपी, हालत गंभीर

 

ताजा समाचार