बदायूं: शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी

बदायूं: शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी

बदायूं, अमृत विचार: पति से विवाद होने के बाद घर पर अकेली रह रही हिंदू महिला को दूसरे समुदाय के युवक ने शादी का झांसा दिया और कई बार दुष्कर्म किया। बाद में शादी करने से मना कर दिया। महिला ने शादी करने का दवाब बनाया तो आरोपी और उसके छह भाई-बहनों ने महिला को धमकाया। पीड़िता ने एसएसपी से मामले की शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर थाना अलापुर पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

थाना अलापुर क्षेत्र के कस्बा के एक मोहल्ला निवासी महिला की शादी हजरतपुर निवासी युवक के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिनों के बाद महिला और उसके पति के बीच विवाद होने लगा। जिसके बाद पति ने महिला को छोड़ दिया। महिला अपने घर पर अकेले रहने लगी। महिला के अनुसार पति के साथ छोड़ने के बाद उसके मोहल्ले में रहने वाला आफताब हुसैन महिला से बात करने लगा। 

धीरे-धीरे दोनों में नजदीकियां बढ़ गईं। उसने महिला को शादी करने का झांसा दिया। कई बार उसके घर पर आकर शारीरिक संबंध बनाए। महिला ने शादी करने को कहा तो टालमटोल करने लगा। महिला समझ गई कि वह उससे शादी नहीं करेगा। जिसके चलते उसने आफताब हुसैन से दूरी बनानी शुरू कर दी लेकिन आफताब नहीं माना। वह जबरन महिला के घर में घुस गया और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इज्जत जाने के डर से महिला ने शिकायत नहीं की।

 इसके बाद भी आफताब बाज नहीं आया। महिला पर शारीरिक संबंध बनाने का दवाब बनाने लगा। न मानने पर उसे बदनाम करने की धमकी देने लगा। महिला ने आरोपी के भाई महताब हुसैन, नन्हें हुसैन, मशहूर हुसैन और महजबीन, आफरीन, मशरूफन से शिकायत की। आरोप है कि उन्होंने महिला को ही गाली दी। जान से मारने के अलावा घर छोड़कर जाने की धमकी दी। 

महिला की समस्या सुनकर एसएसपी ने थाना पुलिस को कार्रवाई करने का आदेश दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, जबरन घर में घुसने, धमकाने आदि की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। अलापुर के प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करके आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- Badaun News : पुरानी रंजिश में कटरी क्षेत्र में फायरिंग, गोली लगने से तीन घायल