Bareilly: शहर छोड़िए...नगर निगम के सिर पर ही कूद रहे बंदर, लोगों का बने सिरदर्द 

Bareilly: शहर छोड़िए...नगर निगम के सिर पर ही कूद रहे बंदर, लोगों का बने सिरदर्द 

बरेली, अमृत विचार: नगर निगम के अफसर शहर भर में बंदरों को पकड़वाने का दावा कर रहे हैं, लेकिन हालत यह है कि खुद हर वक्त बंदरों के घेरे में रहते हैं। नगर निगम परिसर में ही बंदरों के झुंड मौजूद हैं जो उसके कर्मचारियों ही नहीं, आने-जाने वालों का भी सिरदर्द बने हुए हैं।

दिलचस्प यह है कि बरेली का नगर निगम बंदरों को पकड़कर जंगलों में छोड़ने के लिए प्रदेश में सबसे ज्यादा बजट खर्च कर रहा है। अफसरों का दावा है कि शहर में हर रोज बंद पकड़े जा रहे हैं और अब तक 19 सौ बंदरों को पकड़कर पीलीभीत के जंगल में छोड़ा जा चुका है लेकिन असलियत क्या है, यह नगर निगम का ही नजारा बता रहा है। सोमवार को दर्जनों बंदर नगर निगम परिसर में ही मौजूद थे। जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र कार्यालय के बाहर बंदरों के झुंड की वजह से तो लोग अंदर आ-जा नहीं पा रहे थे। परिसर में खड़ी कई बाइकें भी बंदरों ने उछलकूद कर गिरा दी थीं।

स्वास्थ्य अधिकारी के बोल... अगर नगर निगम में बंदर हैं तो पकड़े जाएंगे
नगर निगम के अफसर जिन इलाकों को अभियान चलाने के बाद बंदरमुक्त घोषित कर चुके हैं, वहां अब भी लोग लगातार बंदरों के हमलों की शिकायतें कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि बंदरों की तादाद पहले की तरह है, बंदर पकड़ने वाले कब आए, कितने बंदर पकड़कर ले गए, किसी को कुछ पता ही नहीं चला।

दिलचस्प है कि दूसरी तरफ बंदर पकड़ने वाली फर्म दावा कर रही है कि उसे कहीं बंदर ही नहीं मिल रहे हैं। करीब 15 दिन पहले ये लोग कुर्मांचलनगर में गए थे लेकिन वहां बंदर न मिलने की बात कहकर लौट आए। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भानु प्रकाश कहते हैं कि का कहना है कि रोस्टर के हिसाब से शहर में बंदरों को पकड़ा जा रहा है। नगर निगम परिसर में भी अगर बंदर हैं तो उन्हें पकड़वाया जाएगा।

यह भी पढ़ें-  फहम लॉन: मालिक के भाई और वुडरो स्कूल के अध्यक्ष को बचाने में फंसी पुलिस, SSP ने लिया संज्ञान