विराट धर्म संसद में वृंदावन धाम में जुटेंगे शंकराचार्य और देश भर के धर्माचार्य, मुख्यमंत्री योगी को भेजा गया न्योता

विराट धर्म संसद में वृंदावन धाम में जुटेंगे शंकराचार्य और देश भर के धर्माचार्य, मुख्यमंत्री योगी को भेजा गया न्योता

अमृत विचार, मथुरा: श्रीवृंदावन धाम में श्री कृष्ण जन्म भूमि संघर्ष न्यास की ओर से 21 नवंबर को विराट धर्म संसद का आयोजन किया जा रहा है। इसमें शंकराचार्य, महामंडलेश्वर के साथ सभी मठों और अखाड़ा परिषदों के धर्माचार्य मौजूद रहेंगे। संसद में सभी धर्म के धर्मावलंबियों को बुलावा भेजा गया है। इस धर्म संसद के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव मौर्य को भी न्योता भेजा गया है। न्यास के अध्यक्ष दिनेश शर्मा फलाहारी बाबा ने बताया कि कार्यक्रम से बृजमंडल के सभी देवालयों को जोड़ने के लिए सजग संपर्क अभियान चलाया जा रहा है।

धर्म संसद के संबंध में शुक्रवार को न्यास की ओर से एक बैठक आयोजित की गई। श्री उड़िया बाबा आश्रम में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए न्यास के अध्यक्ष हिंदूवादी, दिनेश शर्मा ने कहा कि धर्म संसद के माध्यम से हम श्री कृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के लिए जन जागरण के माध्यम से लड़ाई को और मजबूत एवं प्रभावी बनाएंगे। 21 नवंबर की संसद में जो प्रस्ताव पास होने वाले प्रस्तावों को 2025 में आयोजित प्रयागराज के महाकुंभ में शीर्ष पटल पर संतो के सानिध्य में रखे जाएंगे। 

अध्यात्मिक गुरू स्वामी ज्ञान सागर महाराज, पुष्टिमार्गीय संत सुरेषाचार्य, आचार्य बद्रीश महाराज, पं बिहारी लाल वशिष्ठ, मोहिनी शरण महाराज, ने संयुक्त बयान में कहा कि सनातन वैदिक धर्म को अभय पथ पर विराजमान करना है। इसके लिए परम आवश्यक है हम जाति बंधनों को तोड़कर एकता के सूत्र में संयुक्त स्वाभिमानी हिंदू बनकर धर्म की रक्षा करें। धर्म संसद के माध्यम से श्री कृष्ण जन्मभूमि के पुनरुत्थान, ब्रज की धारा को पवित्रता की ओर ले जाना, गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करना, प्रमुख विषय होंगे। इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रहलाद दास , घनश्याम शास्त्री, बिहारी लाल शास्त्री, जिला अध्यक्ष न्यास सुखराम सिंह, महानगर अध्यक्ष नरेश ठाकुर, महानगर महामंत्री राहुल गौतम मौजूद रहे। बैठक का संचालन राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेश पाठक ने किया।

यह भी पढ़ें: श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद : इलाहाबाद High Court में मुस्लिम पक्ष की रिकॉल एप्लीकेशन पर फैसला सुरक्षित