किच्छा: स्मार्ट सिटी से कुमाऊं के लाखों बेरोजगारों को मिलेगा रोजगार: सीएम

किच्छा: स्मार्ट सिटी से कुमाऊं के लाखों बेरोजगारों को मिलेगा रोजगार: सीएम

किच्छा, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि किच्छा के खुरपिया फार्म में एक हजार एकड़ पर स्मार्ट सिटी का निर्माण किया जाएगा। इसमें किच्छा से लेकर पूरे कुमाऊं के लाखों बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा। किच्छा तो मेजबान होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पहले विकास की गति काफी धीमी चल रही थी। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की गति ने रफ्तार पकड़ी है।

रविवार को मुख्यमंत्री धामी किच्छा के इंद्रा गांधी खेल मैदान में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किच्छा क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं, जिनमें एम्स निर्माण, बस अड्डा निर्माण, औद्योगिक स्मार्ट सिटी का निर्माण होने जा रहा है जो ऐतिहासिक कार्य हैं। यह भविष्य में मिल का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने कहा कि पूरे देश में मात्र 12 नये औद्योगिक स्मार्ट पार्क बनने थे। एक औद्योगिक स्मार्ट पार्क किच्छा में बनाया जा रहा है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि किच्छा के पास पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बनाया जा रहा है। जिससे क्षेत्र का स्वर्णिम विकास होगा। हमने 850 एकड़ भूमि एयरपोर्ट विस्तारीकरण के लिए हस्तगत कर दी है। शीघ्र ही एयरपोर्ट का कार्य प्रारंभ होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग पांच दशकों से लंबित जमरानी बांध को भी स्वीकृति मिल गयी है। जिससे तराई के पेयजल व सिंचाई के लिए मील का पत्थर साबित होगा। साथ ही गिरता हुआ भूजल भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने एचएमटी की भूमि को राज्य सरकार को दे दी है। अब राज्य सरकार एचएमटी की भूमि अन्य प्रयोजन के लिए भी उपयोग कर सकती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को देश के मॉडल राज्य के रूप में विकसित किया जा रहा है जो पूरे देश के लिए नजीर बनेगा।

यह लोग रहे मौजूद

सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, ब्लॉक प्रमुख ममता जल्होत्रा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, उत्तम दत्ता, राजपाल सिंह, खतीब अहमद, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल, निवर्तमान मेयर रामपाल सिंह, जिलाध्यक्ष कमल जिदंल, गुंजन सुखीजा, प्रदेश मंत्री विकास शर्मा, महामंत्री अमित नारंग, सांसद प्रतिनिधि विपिन जल्होत्रा, कमलेंद्र सेमवाल, मनमोहन सक्सेना, हरविंदर कौर, संदीप अरोरा, अक्षय अरोरा, चंदन जायसवाल, राकेश गुप्ता, अनिल यादव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

2025 तक पूर्ण कर लिया जाएगा एम्स का निर्माण कार्य

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि एम्स किच्छा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अथॉरिटी के मानकों के अनुसार 100 एकड़ भूमि में 351 करोड़ की लागत से 280 बैड का प्री-फैब्रिकेटेड चिकित्सालय बनाया जा रहा है। जिसमें अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित आईसीयू, ओपीडी, आईपीडी, नर्सिंग हॉस्टल, आवासीय भवन आदि बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि एम्स का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। वर्ष 2025 तक पूर्ण कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें - काशीपुर: कार शोरूम में चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार