बरेली: पराली जलाने के मामलों में 13 लेखपालों पर कार्रवाई, एक निलंबित

बरेली, अमृत विचार। पराली जलाने की घटनाएं होने पर संबंधित लेखपालों के विरुद्ध कार्रवाई भी शुरू हो गई है। खेतों में पराली जलाने की अभी तक 15 घटनाएं सैटेलाइट के जरिये कैद की गई हैं। अब तक जनपद के 13 लेखपालों के विरुद्ध कार्रवाई की गयी। इसमें लेखपाल उवैश खां को निलंबित करने की संस्तुति …

बरेली, अमृत विचार। पराली जलाने की घटनाएं होने पर संबंधित लेखपालों के विरुद्ध कार्रवाई भी शुरू हो गई है। खेतों में पराली जलाने की अभी तक 15 घटनाएं सैटेलाइट के जरिये कैद की गई हैं। अब तक जनपद के 13 लेखपालों के विरुद्ध कार्रवाई की गयी। इसमें लेखपाल उवैश खां को निलंबित करने की संस्तुति की है।

इसके साथ सात लेखपालों के विरुद्ध आरोप पत्र जारी किये हैं। वहीं, छह लेखपालों को चेतावनी दी गयी है। सभी के सर्विस रिकार्ड में भी कार्रवाई का जिक्र किया जाएगा। ऐसा अधिकारी कह रहे हैं।

बरेली जनपद के किस खेत में पराली जल रही है। यह सैटेलाइट के जरिये मालूम किया जा रहा है। दिल्ली से रेजीड्यू बर्निंग बुलेटिन प्रतिदिन सुबह में जारी किया जाता है। बुलेटिन में यदि पराली जलने की घटना कैद हुई है तो संबंधित क्षेत्र के लेखपाल मौके पर जाकर पड़ताल कर घटना की पुष्टि करते हैं।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व मनोज कुमार पांडेय की ओर से शासन को भेजी जाने वाली रिपोर्ट में बताया गया कि कंबाइन हारर्वेस्टर से धान की कटाई के दौरान छोड़ी गयी पराली खेतों में जलायी गयी है। जो 15 मामले हैं, वे इसी से संबंध रखते हैं। हाथ रेपर से कटाई के एक मामले में पराली जलाने की घटना नहीं हुई है। गन्ने की पताई जलाने का एक भी मामला जनपद में सामने नहीं आया। हालांकि, कूड़ा अवशेष जलाने के 17 मामले भी हुये हैं।

रिपोर्ट के अनुसार पराली जलाने की घटनाएं होने पर लेखपाल योगेश कुमार, अमित वर्मा, सुरेंद्र यादव, नन्हे लाल, महेंद्र पाल, कृपाल सिंह को चेतावनी दी गयी है। लेखपाल पिंकी, प्रवेश बाबू, नेहा, अवनीश कुमार, कुलदीप, परशुराम, आशीष राघव के विरुद्ध आरोप पत्र जारी किया गया है।

किसानों के विरुद्ध एफआईआर, नोटिस जारी
जिन किसानों के खेतों में पराली जलायी गयी है, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी जा चुकी है। उन्हें नोटिस भी जारी कर दिया है। आंवला में किसान सूरजपाल व नत्थू पुत्रगण श्याम लाल के विरुद्ध कार्रवाई की गयी है। इसके साथ पराली जलाने वाले किसानों पर 52500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जुर्माने के 40 हजार रुपये वसूल कर लिए हैं।

ताजा समाचार