बदायूं : गांधी ग्राउंड में सजा मेला, दूर-दराज के दुकानदारों ने सजाई दुकानें

बदायूं : गांधी ग्राउंड में सजा मेला, दूर-दराज के दुकानदारों ने सजाई दुकानें

बदायूं, अमृत विचार : गांधी ग्राउंड में चल रही रामलीला में इस बार अलग ही रंगत नजर आ रही है। बिहार के कलाकार रामलीला का मंचन कर रहे हैं। मेला लग गया है। दूर-दराज के दुकानदारों ने घरेलू उपयोग से लेकर खाने-पीने, खिलौने आदि की दुकानें सजाई हैं। शाम को लोग आना शुरू हो गए हैं। रविवार को धूमधाम से शहर भर में श्रीराम बारात निकाली जाएगी। मेला कमेटी तैयारी पूरी कर ली है। वहीं रामनवमी के लिए 40 फिट का रावण का पुतला बनाया जा रहा है।

मेला कमेटी के अध्यक्ष अरविंद कांत ने बताया कि दो अक्टूबर को शहर में शिवबारात निकाली गई थी। बिहार के दरभंगा के कलाकार शाम को रामलीला का मंचन कर रहे हैं। रामलीला देखने आने वाले लोगों के लिए बैठने के पर्याप्त इंतजाम हैं। पुलिसकर्मी सुरक्षा में लगे हैं। मेला में ऊंचे चरखे व अन्य झूलों के अलावा अन्य कई दुकानें हैं। धीरे-धीरे दुकानदारों की संख्या बढ़ रही है। झूलों की रंग-बिरंगी रोशनी भी आकर्षित कर रही है। रविवार को श्रीराम बारात निकाली जाएगी।

जिसमें छत्तीसगढ़ के भिलाई का कुमार बैंड, देहरादून व दिल्ली का ब्लास बैंड के अलावा गढ़वाल, राजस्थान और पंजाब के लोकनृत्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे। जगह-जगह राम बारात का स्वागत होगा। राम बारात के चलते प्रशासन ने आधे दिन का अवकाश कर दिया है। 12 अक्टूबर को विजयदशमी का त्यौहार मनाया जाएगा। इस बार रावण का पुतला बनाने के लिए नए व्यक्ति को ठेका दिया गया है। मैदान छोटा होने की वजह से सुरक्षा के मद्देनजर रावण का पुतला 40 फिट का ही रहेगा। 

मैटिंग बिछवाएगी नगर पालिका, भरवाए जाएंगे गड्ढे

नगर पालिका परिषद श्रीराम बारात की राह में मैटिंग बिछवाएगी। सभी गड्ढों को भरवाने का काम तेजी से चल रहा है। पालिका चेयरमैन फात्मा रजा ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया है। चेयरमैन ने जलकल अभियंता, पथ प्रकाश इंचार्ज, सफाई नायकों आदि को पत्र जारी करके कहा कि श्रीराम बारात का भव्य रूप से स्वागत करना है।

जिस मार्ग से भी श्रीराम बारात निकले वहां अच्छी गुणवत्ता की मैटिंग बिछवाएं। सफाई, पानी व प्रकाश की व्यवस्था रहे। इस मौके पर पुलिस कर्मचारी छुट्टा पशुओं को भी रोकेंगे। रास्ते पर चूना डलवाया जाएगा। धर्मिक शोभायात्राओं में मैटिंग बिछवाने की परपंरा पूर्व मंत्री आबिद रजा ने शुरू की थी। वर्तमान चेयरमैन इसे आगे बढ़ा रही हैं।