'अखिलेश माफियाओं के सरगना', अयोध्या में केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर जमकर साधा निशाना

बोले- उपमुख्यमंत्री, कहा- नहीं बचा पाएंगे कोई अपराधी, होगी कठोर कार्रवाई 

'अखिलेश माफियाओं के सरगना', अयोध्या में केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर जमकर साधा निशाना

मिल्कीपुर/अयोध्या, अमृत विचार। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव को माफियाओं का सरगना बताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का मतलब बर्बादी, गुंडागर्दी जमीन पर कब्जा करना है। शराब माफिया,बालू माफिया,नकल माफिया,जमीन माफिया सबके सरदार अखिलेश यादव हैं। वह अमानीगंज के रायपट्टी स्थित श्री गृहनाग देव संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अमृतकाल में सहभागिता कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश में यदि कोई भी अपराधी होगा तो अखिलेश यादव उसे नहीं बचा पाएंगे, कठोर कार्रवाई की जाएगी। फूट डालो और राज करो की राजनीति करने वाले लोगों को सबक सिखाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में अयोध्या में पराजय का कष्ट सबको हैं। सबसे ज्यादा अयोध्या वासियों को। उपचुनाव में टिकट किसी को मिले आप लोग फूल जरूर खिलाना, विधायक भाजपा का ही होगा। 

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का मतलब भाजपा है। सपा, बसपा की चले तो गरीबों का खून चूस लें। प्रदेश में जब सपा की सरकार थी तो दंगा राज, गुण्डा राज कायम था। अखिलेश यादव मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। योगी जी के नेतृत्व में 2027 में भी भाजपा की सरकार बनेगी। कहा कि अधिकारियों को बताना चाहता हूं कि कोई भी गड़बड़ी किसानों के साथ की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाई। जय श्री राम के उद्घोष के साथ भाषण समाप्त किया।

सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगे तो उसका वीडियो-ऑडियो मुख्यमंत्री को भेजिए : असीम अरूण
विशिष्ट अतिथि राज्य मंत्री समाज कल्याण असीम अरूण ने कहा यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो उसका वीडियो-ऑडियो बनाकर मुख्यमंत्री जी को भेजिए, सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आप लोग अपना स्टार्ट अप शुरू करें। बाबा साहब का सपना था सभी शिक्षित हों, जल्दी ही उपचुनाव की घोषणा होगी। इस चुनाव में अपना आशीर्वाद दीजिए। पिछले चुनाव में सपा व कांग्रेस ने संविधान को लेकर भ्रम फैलाया। राहुल गांधी ने अमेरिका में जाकर कहा की आरक्षण कैसे हटाया जाए, अपराधी पर कार्रवाई से ये लोग खिसियाये है। 

समारोह को पूर्व सांसद लल्लू सिंह, एमएलसी अवनीश पटेल, रूदौली विधायक रामचंद्र यादव, अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र कनौजिया, संजीव सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में पुष्पेन्द्र पासी, अवधेश पाण्डेय बादल, पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा, रामू प्रियदर्शी, राधेश्याम त्यागी, अशोक कसौंधन, भगवती प्रसाद, ओम प्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।

लाभार्थियों को बांटा प्रमाण पत्र, देखी प्रदर्शनी 
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार दोपहर तीन बजे करीब अन्तर्राष्ट्रीय महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर उतरे। यहां महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह व उपनिदेशक समाज कल्याण ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। यहां से गहनाग बाबा मंदिर पहुंचकर उन्होंने दर्शन-पूजन किया। ग्राम चौपाल में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार किये जा रहे दीपोत्सव के दीपक देखे। इसके बाद अनुसूचित जाति मोर्चा सम्मेलन में पहुंचे। यहां विभिन्न विभागों से लगाई गई प्रदर्शनी देखी। 

WhatsApp Image 2024-10-04 at 19.37.16_87df1f89
मिल्कीपुर में आयोजित कार्यक्रम में छात्रा को लाभ का प्रमाण पत्र प्रदान करते उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य

समाज कल्याण मंत्रालय द्वारा उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम से संचालित आइये रोजगार करें प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना अमृतकाल सहभागिता समारोह में लाभार्थियों को प्रमाण पत्र बांटा। ग्राम प्रधान शीला देवी को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रमाण पत्र, एक लाभार्थी को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का प्रशस्त्रि पत्र और नौ लाभार्थियों को अनुसूचित जाति छात्रवृत्ति का डमी चेक, आश्रम पद्वति के छह मेधावी छात्रों को प्रशंसा पत्र, आयुष्मान कार्ड के चार लाभार्थियों को डमी चेक, पीएम आवास योजना के पांच लाभार्थियों को चाभी, पीएम किसान के दो लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, कस्टम हायरिंग सेंटर के एक लाभार्थी को 24 लाख का चेक व 200 बीसी सखी को प्रमाण पत्र से सम्मानित किया।

ये भी पढ़ें-अयोध्या: जुलाई 2025 तक मंदिर का 90 प्रतिशत कार्य हो जाएगा पूरा