Chitrakoot: सपा के प्रदेश अध्यक्ष बोले- 'मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार में नहीं लगा सकते लगाम...लोगों में है आक्रोश'

Chitrakoot: सपा के प्रदेश अध्यक्ष बोले- 'मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार में नहीं लगा सकते लगाम...लोगों में है आक्रोश'

चित्रकूट, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कटाक्ष किया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के खिलाफ लगाम लगा ही नहीं सकते। इससे लोगों में बहुत आक्रोश है। 

बुधवार को महोबा में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जाते समय लालापुर के पास सपाइयों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान सपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार को कानून व्यवस्था के मुद्दे पर घेरा। कहा कि लोगों में बहुत ज्यादा आक्रोश है। शोषित, दबे कुचले समाज को यह सरकार अधिकार दे नहीं पा रही। 

संविधान के हिसाब से जो हक लोगों को मिलना चाहिए, नहीं मिल पा रहा। उन्होंने सपा के पीडीए फार्मूले को लेकर कहा कि इससे हर वर्ग सपा से जुड़ रहा है। हाल ही में हुए सपा विधायक अनिल प्रधान और जिलाध्यक्ष शिवशंकर यादव के बीच हुए विवाद को लेकर प्रदेश अध्यक्ष का कहना था कि जहां बड़ा परिवार होता है, वहां इस तरह के झगड़े होते रहते हैं पर इनको मिल बैठकर सुलझा लिया जाता है। 

फिलहाल किसी तरह का कोई विवाद नहीं है और पूरी जिला इकाई एकजुट है। सब मिलजुलकर 2027 के चुनाव में पार्टी को विजयी बनाएंगे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष शिवशंकर यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष अनुज सिंह यादव सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- Kanpur: सेंट्रल स्टेशन पर लगा नया लगेज स्कैनर, त्योहारों को लेकर स्टेशनों पर बढ़ी सर्तकता