भाजपा पार्षद के घर पर पथराव, स्कार्पियो में तोड़फोड़...गोमतीनगर थाने में दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

- मिश्रिख से सांसद के नाम पर है रजिस्टर्ड है स्कॉर्पियो

भाजपा पार्षद के घर पर पथराव, स्कार्पियो में तोड़फोड़...गोमतीनगर थाने में दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
demo image

लखनऊ, अमृत विचार। गोमतीनगर के विनय खंड इलाके में राजीव गांधी वार्ड से पार्षद संजय सिंह राठौर के घर के बाहर सोमवार तड़के पथराव हुआ। आरोपियों ने स्कार्पियो में तोड़फोड़ करते हुए धमकाया। पड़ोसियों का शोर सुनकर पार्षद बाहर निकले तब तक आरोपी धमकाते हुए भाग निकले। स्कार्पियो मिश्रिख के सांसद अशोक रावत के नाम रजिस्टर्ड है। गोमतीनगर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है।

विनयखंड निवासी संजय सिंह राठौर तीसरी बार राजीव गांधी वार्ड से पार्षद हैं। उन्होंने बताया कि रविवार देर रात घर आए थे। स्कार्पियो घर के बाहर खड़ी कर वह सोने चले गए। सोमवार तड़के करीब 4 बजे पड़ोस के लोगों की चीख पुकार सुन उनकी नींद खुली। भागकर बाहर गए तो देखा कि उनके घर पर पथराव हुआ था। स्कार्पियो के शीशे टूटे थे। कुछ ईंट भी घर के सामने पड़ी थी। लोगों ने बताया कि बाइक सवार दो युवक उनके घर पर पत्थरबाजी कर उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए भागे हैं।

संजय ने डायल 112 पर फोन कर सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी जांच पड़ताल कर वापस लौट गए। कोई कार्रवाई न होती देख अपने समर्थकों के साथ पार्षद थाने पहुंच गए। संजय का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी पुलिस ने तत्काल कोई एक्शन नहीं लिया। इंस्पेक्टर गोमतीनगर राजेश त्रिपाठी ने बताया कि दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। सीसी कैमरे में संदिग्ध कैद हुए हैं। आसपास के अन्य कैमरों की भी फुटेज खंगाली जा रही है।

ये भी पढ़ें- डिलीवरी ब्वॉय की हत्या कर शव को बोरी में भरकर इंदिरानहर में फेंका : I-Phone लूटने के इरादे से किया जघन्य अपराध