शाहजहांपुर: महिला अधिकारी से अश्लील हरकतें करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

टीम के साथ निराश्रित पशु को पकड़ने गई थी महिला अधिकारी

शाहजहांपुर: महिला अधिकारी से अश्लील हरकतें करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

शाहजहांपुर,अमृत विचार। जिले में छेड़छाड़ की घटनाएं दिन पर दिन बढ़ती जा रही हैं। एक महिला अधिकारी से अश्लील हरकत का मामला प्रकाश में आया है। महिला अधिकारी टीम के साथ छुट्टा पशुओं को पकड़ने के लिए गईं थी। आरोपी शराब के नशे में थे। कांट पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों का पुलिस ने चालान कर दिया। बाकी आरोपियों की पुलिस तलाश में जुटी है।

शासन के निर्देश हैं कि सड़कों पर पर घूमने वाले निराश्रित पशुओं पकड़कर गौशाला भिजवाया जाए। ग्राम पंचायत में निराश्रित पशुओं को पकड़कर गौशाला भेजा जा रहा है। ददरौल ब्लाक की एक महिला अधिकारी 24 सितंबर की रात साढ़े आठ बजे टीम के साथ पिपरौला रोड पर निराश्रित पशुओं की तलाश में निकली। उन्होंने निराश्रित पशुओं को पकड़वाकर एक ट्राली में बंद करवाया। निराश्रित पशुओं को गौशाला भिजवाने की तैयारी कर रही थी। उनका आरोप है कि मुनीजर, शेरसिंह, जयपाल, रामसिंह शराब के नशे में आए और ट्राली को रोक लिया। आरोपी गाली गलौज करते हुए ट्राली में डंडे मारने लगे। महिला अधिकारी का आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ अश्लील हरकतें की। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला अधिकारी से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और सरकारी कार्य में बाधा डाली। आरोपी धमकी देकर चले गए। महिला अधिकारी ने कांट थाना पर तहरीर दी। पुलिस ने मुनीजर, शेर सिंह, जयपाल, रामसिंह और एक अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली। कांट प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार ने गुरुवार को दिन में 11 बजे खुर्रम भट्टे के पास मुनीजर व शेरसिंह को गिरफ्तार कर लिया और चालान कर दिया। टीम में उप निरीक्षक रामू, मुख्य आरक्षी राजकुमार, संजीव कुमार थे।

ताजा समाचार