Kanpur: नगर आयुक्त दफ्तर में एबीवीपी कार्यकर्ताओं का हंगामा; पूछा- 10 दिन में आपने क्या किया? नगर आयुक्त बोले- PAC बुलाउंगा...

Kanpur: नगर आयुक्त दफ्तर में एबीवीपी कार्यकर्ताओं का हंगामा; पूछा- 10 दिन में आपने क्या किया? नगर आयुक्त बोले- PAC बुलाउंगा...

कानपुर, अमृत विचार। मंगलवार शाम नगर आयुक्त सुधीर कुमार से मिलने पहुंचे एबीवीपी कार्यकर्ताओं को इंतजार कराने पर जमकर हंगामा हुआ। नगर आयुक्त के दफ्तर में जबरन घुसकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों के साथ बदतमीजी की। बीच बैठक पहुंचे कार्यकर्ताओं से नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने जब समस्या पूछी, तो कार्यकर्ता न मिलने को लेकर बहस करने लगे। 

नगर आयुक्त ने पीएसी बुलाने की चेतावनी दी। इस पर कार्यकर्ता और आग-बबूला हो गए और कहने लगे कि बुला लीजिए पीएसी, इस दौरान अफसरों और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच 15 मिनट तक हंगामा हुआ, बाद में सुरक्षा गार्डों और अधिकारियों के समझाने पर बाहर निकले। इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।

एबीपीवी विभाग संगठन मंत्री आशुतोष सिंह की अगुवाई में मंगलवार शाम करीब 5 बजे 2 दर्जन से अधिक कार्यकर्ता नगर आयुक्त से मिलने नगर निगम पहुंचे थे। इस दौरान नगर आयुक्त अधिकारियों के साथ अपने कार्यालय में बैठक कर रहे थे तो उन्होंने कार्यकर्ताओं को रुकने के लिये संदेश भिजवाया। इस पर भड़के कार्यकर्ता नगर आयुक्त के कमरे के अंदर घुस गये। 

नगर आयुक्त ने समस्याएं पूछी तो उल्टा नगर आयुक्त से पूछने लगे कि आपने बीते 10 दिनों में शहर के लिए क्या किया। नगर आयुक्त के ऑफिस में हंगामा होता देख कर्मचारी नेता भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भी एबीवीपी कार्यकर्ताओं को हटाने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। इस पर कर्मचारी नेता भी विरोध में उतर आए हैं। उन्होंने हंगामे में शामिल एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की मांग की है।

पार्षदों से भी कार्यकर्ताओं ने की बदतमीजी

नगर निगम मुख्यालय में मौजूद भाजपा पार्षद भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान पार्षदों ने हंगामा न करने के लिए कहा। इस पर कार्यकर्ता पार्षदों से ही भिड़ गए। इस रवैये को देखकर पार्षद भी किनारे खड़े हो गए। इस दौरान बैठक में मौजूद कई जोनल अधिकारियों की भी कार्यकर्ताओं से बहस हुई। करीब आधा घंटे बाद स्थिति सामान्य हुई।

यह भी पढ़ें‍- संभल: फंदे पर लटका मिला युवक का शव; हाथ पर लिखा था- मौत की जिम्मेदार मेरी पत्नी, दो दिन से नहीं दिया मुझे खाना...