Chitrakoot: अपना दल एस के कार्यकारिणी राष्ट्रीय अध्यक्ष के बड़े भाई को ग्रामीणों ने पीटा...इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने मामले में जांच शुरू की
.jpg)
चित्रकूट, अमृत विचार। धान रोपाई के लिए मजदूरों को ले जाने के विवाद में हनुमानगंज के प्रधानपति अरुण कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह के साथ मारपीट हो गई। उन पर लोहे की सांग से वार किए गए, जिससे गंभीर चोटें आईं। उनको जिला अस्पताल से प्रयागराज रिफर किया गया है।
मुन्ना प्रदेश सरकार में मंत्री आशीष पटेल के बड़े भाई और अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के जेठ हैं। इस मामले में मुन्ना सिंह की तहरीर पर कई लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश में टीमें लगी हुई हैं, जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
रैपुरा थानांतर्गत हनुमानगंज पोस्ट लौरी निवासी अरुण कुमार सिंह, जो प्रधान पुष्पलता पटेल के पति हैं, ने बताया कि वह मंगलवार को अपने घर से प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित खेत जा रहे थे। सुबह लगभग साढ़े आठ बजे सुजानगंज रोड पर देवराज उर्फ बड़कू पुत्र रमेश चंद्र शुक्ला अपनी टेंपो लिए खड़ा था। कुछ ही दूरी पर रमेश चंद्र शुक्ला, छोटा शुक्ला पुत्रगण चंद्रशेखर, जय जय शुक्ला पुत्र रमेश शुक्ला व राकेश शुक्ला पुत्र चंद्रशेखर भई दिखाई दिए।
मुन्ना सिंह के अनुसार, वह अपने वाहन से खेत की ओर जा रहे थे कि इसी दौरान ललकारने की आवाज आई कि इसे जान से मार दो, बच न पाए। आरोप है कि देवराज उर्फ बड़कू ने गले में लोहे की सांग से वार किया। बचने के लिए हाथ लगाने से वह हाथ में घुस गई।
इसके बाद पीठ पर डंडे से वार किए गए, जिससे वह जमीन पर गिर गए। ग्रामीणों के शोर मचाने पर आरोपी भाग निकले। पुलिस ने घटनास्थल से सांग भी बरामद की है। लोगों ने उनको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। सीएचसी से जिला अस्पताल ले जाया गया और वहां से प्रयागराज रिफर कर दिया गया।
मजदूरों को ले जाने का है विवाद- एसपी
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक एके सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया मजदूरों को ले जाने का विवाद सामने आया है। पता चला है कि बड़कू शुक्ला मजदूरों को काम पर ले जा रहा था।
इस पर मुन्ना सिंह ने रोका और मजदूरों से कहा कि पहले छोटा पटेल का काम पूरा करो बाद में जाना। इस पर बड़कू ने सांग से हमला कर दिया, जिससे मुन्ना को गंभीर चोटें आईं। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। आरोपियों पर सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।