कानपुर में विधायक सुरेन्द्र मैथानी बोले- तुमको-तुम्हारे बुलडोजर को नहर में घुसेड़ दूंगा...इंजीनियर से फोन कर ये भी कहा

कानपुर में विधायक सुरेन्द्र मैथानी बोले- तुमको-तुम्हारे बुलडोजर को नहर में घुसेड़ दूंगा...इंजीनियर से फोन कर ये भी कहा

कानपुर, अमृत विचार। सरायमीता पनकी साइट नंबर-3 में हाइवे किनारे बने कच्चे पक्के मकान और दुकान नहीं टूटेंगे। क्षेत्र में वृक्षारोपण की वजह से सोमवार को नगर निगम का बुलडोजर यहां गरजने वाला था। लेकिन शनिवार को सूचना पर गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी मौके पर पहुंचे और बीच का रास्ता निकाला और कहा कि एक किलोमीटर में प्लांटेशन न कर हाइवे किनारे इसका दायरा बढ़ा दिया जाये। नगर आयुक्त ने कहा कि अभी दो किलोमीटर में प्लांटेशन होगा, फिलहार बस्तियां नहीं टूटेंगी।

नगर निगम को सरायमीता में पौधरोपण करना है। इस अभियान में यहां बनी अनाधिकृत बस्तियां बाधा बनी हैं। इसको देखते हुये नगर निगम प्रशासन ने यहां के मकानों, दुकानों पर नोटिस चस्पा कर कहा था कि सोमवार को बुलडोजर की कार्रवाई होगी। नगर निगम प्रशासन यह जगह खाली करने के लिए माइक से एनाउंसमेंट भी करवा रहा था। जानकारी मिलने पर शनिवार को विधायक मैथानी मौके पर पहुंचे तो यहां लोग उन्हें दुखड़ा सुनाने लगे। 

पता चला कि इस क्षेत्र में नगर निगम की ओर से पौधे रोपे जाने हैं, लोगों ने विधायक को बताया कि हाईवे से काफी हटकर इस जगह पर प्लांटेशन कराया जा रहा है। विधायक ने नगर आयुक्त सुधीर कुमार से फोन पर बात की। विधायक ने प्लांटेशन (वृक्षारोपण) पर सहमति जताई, साथ ही सुझाव दिया कि यहां एटूजेड का कूड़ा डंपस्थल है। यहां से लगभग 4 किलोमीटर का पूरा क्षेत्र खाली पड़ा है। 

इस पर प्लांटेशन किया जा सकता है। इससे वृक्षारोपण का मकसद भी पूरा हो जाएगा और तमाम परिवार उजड़ने से भी बच जाएंगे। विधायक ने कहा कि यह समझ से परे है कि नगर निगम इस चार किलोमीटर एरिया को छोड़कर इस एक किलोमीटर के दायरे में ही वृक्षारोपण पर क्यों अड़ा है। नगर आयुक्त ने विधायक को भरोसा दिया कि हम फिलहाल वृक्षारोपण के कार्य को दो किलोमीटर के दायरे में ही करेंगे। 

आगे-पीछे यहां भी पौधे रोपते रहेंगे, जहां लोगों के मकान और दुकान हैं पर वृक्षारोपण के समय ऐसा रास्ता बना दिया जाएगा, जिससे यहां बसे लोगों को कोई नुकसान नहीं होगा। विधायक ने जनता के हितों की रक्षा के लिए अपने और लोगों की ओर से नगर आयुक्त का आभार जताया। प्रिंस शुक्ला, सोनू सिंह, देवेंद्र सिंह, विनोद सिंह सेंगर, दिलराज, पुनीत शुक्ला, अनिल तिवारी, लाखन सिंह चंदेल, अनिल सिंह ने खुशी जताई।

यह भी पढ़ें- Etawah: औचक निरीक्षण में गौशाला के पास मिला जलभराव, गौशाला प्रभारी पर भड़के एसडीएम, दिये ये निर्देश...