Kanpur News: चकेरी-पाली ग्रीन फील्ड फोरलेन के लिए 35 किसानों को मुआवजा...इतने करोड़ रुपये से होगा निर्माण

मंडलायुक्त ने पीडब्ल्यूडी को भूमि अधिग्रहण के दिए निर्देश

Kanpur News: चकेरी-पाली ग्रीन फील्ड फोरलेन के लिए 35 किसानों को मुआवजा...इतने करोड़ रुपये से होगा निर्माण

कानपुर, अमृत विचार। चकेरी-पाली मार्ग निर्माण के लिए 20 बीघा भूमि अधिग्रहीत करने के लिए राजस्व विभाग ने 35 किसानों को चयनित किया है। मंडलायुक्त ने जल्द मुआवजा वितरण कर भूमि अधिग्रहण के निर्देश दिए हैं। अब राजस्व विभाग किसानों की मुआवजा राशि तय कर रहा है।

चकेरी-प्रयागराज हाईवे से छतमरा होते हुए पाली, सजारी तक जाने वाला मार्ग छतमरा तक टू लेन है, इसके आगे सड़क काफी संकरी है। औद्योगिक क्षेत्र के पास से इसे पाली, सजारी तक टू लेन किया गया है। इस मार्ग पर तेजी से सोसाइटी क्षेत्र बस रहे हैं। औद्योगिक क्षेत्र चकेरी के विस्तार से इस मार्ग पर औद्योगिक इकाईयां स्थापित हो सकती हैं, लेकिन आवागमन सुविधा सही न होने से उद्यमी कतरा रहे है। 

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना व सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने औद्योगिक इकाईयों को बढ़ावा देने के लिए यहां ग्रीनफील्ड फोरलेन निर्माण की कवायद शुरू की थी। पीडब्ल्यूडी की बनाई डीपीआर मुख्यालय से स्वीकृत होने के बाद दो किमी लंबा यह मार्ग 18 करोड़ से बनाया जाना है। 100 करोड़ रुपये इस मार्ग के चौड़ीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण पर खर्च होंगे। 

अधिग्रहण के लिए भूमि का चिन्हांकन हो गया था, लेकिन चुनाव आचार संहिता से काम रुका था। अब पीडब्ल्यूडी ने राजस्व विभाग के साथ सर्वे कर 35 किसानों की 20 बीघा जमीन चयनित की है। शुक्रवार को मंडलायुक्त अमित गुप्ता के साथ हुई बैठक में पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता ने प्रगति रिपोर्ट पेश की। मंडलायुक्त ने जल्द भूमि अधिग्रहण किए जाने के निर्देश दिए हैं। 

मंडलायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में सड़क निर्माण की प्रगति रिपोर्ट रखी गई थी। मुआवजा तय होने के बाद 35 किसानों की भूमि अधिग्रहीत की जाएगी।- राकेश कुमार यादव, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी

ये भी पढ़ें- हरियाणा सरकार ने मानी चिकित्सकों की मांगें, हड़ताल समाप्त, अस्पताल लौटे डॉक्टर