मुरादाबाद : मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा- उत्तर प्रदेश दुग्ध विकास में देश में नंबर-1

कांवड़ यात्रा आस्था का संगम, विपक्ष पर जनता के मुद्दों से पीछे हटने का लगाया आरोप

मुरादाबाद : मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा- उत्तर प्रदेश दुग्ध विकास में देश में नंबर-1

सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह।

मुरादाबाद। प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि इस बार का बजट ऐतिहासिक है। भारत में किसानों को सम्मान निधि का लाभ दिया जाता है। भारत कृषि प्रधान देश है। 60,000 करोड़ रुपये सरकार ने बजट में किसान सम्मान निधि के लिए दिया है। आयुष्मान भारत योजना के लिए 60300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश दुग्ध विकास में देश में नंबर एक है। कई योजनाओं के लिए सरकार अनुदान दे रही है। वह सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

 उन्होंने कहा कि पीएम सूर्य योजना को प्रोत्साहित किया गया है। सरकार ने स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया है। नारी सशक्तिकरण के लिए विशेष प्रावधान बजट में किया गया है। अब भारत कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर तो है ही दूसरे देशों को भी मदद मिलती है। केंद्रीय बजट में 12 नए औद्योगिक पार्क बनाने की बात कहीं गई है। इसका सबसे बड़ा लाभ उत्तर प्रदेश को मिलने की उम्मीद है। प्रदेश में दो से तीन नए इंडस्ट्रियल पार्क और पीएम सूर्य योजना के तहत उत्तर प्रदेश की 20 लाख परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है। उन्होंने विपक्ष पर जनता के मुद्दों से पीछे हटने का आरोप लगाया है। 

इस दौरान राज्य मंत्री जेपीएस राठौर, राज्य मंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास विभाग जसवंत सिंह सैनी, शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार ) गुलाब देवी, राजेश यादव जिला प्रभारी भाजपा, आकाश पाल जिलाध्यक्ष भाजपा, महापौर विनोद अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

पंचायती राज व्यवस्था प्रजातंत्र की नर्सरी, प्रदेश के विकास में निभा रहीं भूमिका
प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास, राजनीतिक पेंशन मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था प्रजातंत्र की नर्सरी है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने कहा था कि उस दिन सच्चा प्रजातंत्र आयेगा जिस दिन गांव के अंतिम छोर पर खड़ा शोषित, पीड़ित और उपेक्षित व्यक्ति अपने मौलिक अधिकारों का प्रयोग कर सकेगा और न्याय की मुख्य धारा से जुड़ सकेगा। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के हर गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। वह शनिवार को कुंदरकी के ग्राम डींगरपुर में पंचायत राज विभाग द्वारा आयोजित पंचायत प्रतिनिधि प्रशिक्षण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। उन्होंने कहा कि पंचायतें आज प्रदेश के विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहीं हैं। पंचायतों को सशक्त बनाया जा रहा है। आज शासन से ग्राम पंचायतों को सीधे पैसा भेजा जाता है। सरकार द्वारा विकास की योजनाओं में बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को लाभान्वित किया जा रहा है।

राज्य मंत्री (स्वतंत्र विभाग) सहकारिता जेपीएस राठौर ने सहकारी समितियों के माध्यम से किए जा रहे कार्यों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज गांव के विकास के लिए प्रदेश और केंद्र सरकार लगातार अनेक योजनाएं चल रही हैं। पिछले वर्ष सितंबर में सहकारिता विभाग में एक माह में 30 लाख नए सदस्य जोड़े गए और 70 करोड रुपये की अंशपूंजी जमा हुई। इसके बाद सभी सहकारी समितियों पर खाद भी भरपूर मात्रा में उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि आज गरीबों को पक्का मकान, बीमार लोगों को बेहतर उपचार और किसानों का सम्मान बढ़ाया गया है। गरीब परिवार की बेटियों का विवाह संपन्न करने के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं।

राज्य मंत्री (स्वतंत्र विभाग) गुलाब देवी ने कहा कि आज हर घर में कोई न कोई सरकारी योजना पहुंच चुकी है। आवास, शौचालय, आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि और पेंशन योजनाएं पूरी पारदर्शी तरीके से प्रत्येक पात्र परिवार को मिल रही है। गरीब परिवारों को खाद्य सुरक्षा प्रदान की जा रही है।राज्यमंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास विभाग जसवंत सिंह सैनी ने कहा कि गांव के प्रधान के माध्यम से गांव की सरकार चलती है। गांव के विकास की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान पर ही होती है। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली चौहान, महापौर विनोद अग्रवाल सहित अन्य जन प्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

 

ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : पुष्पेंद्र यादव हत्याकांड के आरोपियों को 29 को होगी सजा, सुपारी देकर कराई गई थी पुष्पेंद्र की हत्या