संभल: ट्रेन की बोगी में आग लगने की सूचना पर कूदे यात्री, कई घायल

ट्रेन रुकने पर फायर फायर इंस्ट्रूमेंट खुलने की बात आई सामने 

संभल: ट्रेन की बोगी में आग लगने की सूचना पर कूदे यात्री, कई घायल

चन्दौसी, अमृत विचार: बरेली से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर में फायर इंस्ट्रूमेंट खोलने से भगदड़ मच गई। यात्री चन्दौसी से आगे गुमथल रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से कूद गए। जिससे कई यात्री घायल हो गए। रेलवे स्टाफ ने पहुंचकर यात्रियों को शांत कराया। इसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। हादसे के बाद कुछ यात्रियों ने ट्रेन छोड़ दी और अपने घर के लिए रवाना हुए। 

रविवार की रात बरेली से चलकर चन्दौसी होकर दिल्ली जाने वाली पैसेंजर रात आठ बजे चन्दौसी जंक्शन से रवाना हुई। रात 8.10 बजे ट्रेन जैसे ही गुमथल रेलवे स्टेशन पर पहुंची उसी समय गति धीमी हुई, तभी एक बोगी में किसी यात्री ने फायर इंस्ट्रूमेंट खोल दिया। जिससे बोगी में सफेद धुंआ होने से यात्रियों में हडकंप मच गया और ट्रेन से कूदना शुरू कर दिया। जिसमें पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं व बच्चे भी शामिल थे। तभी दो से तीन मिनट के बाद स्टेशन पर ट्रेन रुकी तो  कुछ ही देर में  पूरी बोगी  खाली हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर गुमथल रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर निर्भीक पाठक मौके पर पहुंचे और यात्रियों को समझा बुझा कर शांत कराया। इसके बाद बोगी में जाकर देखा कि फायर इंस्ट्रूमेंट का पाउडर पड़ा था। इसके बाद ट्रेन को 8.50 बजे आगे के लिए रवाना किया गया। घटना के बाद थाना बहजोई के गांव रम्पुरा निवासी परिवार के शमीम पुत्र अलीजान, शन्नो पत्नी तस्लीम, हिना पत्नी आरिफ, शन्नो पत्नी तस्लीम, अलीशा, फरा, अनस, शबरा, प्रशान आदि ट्रेन से कूदने में घायल व चोटिल हो गए। 

ट्रेन में आग लगने की सूचना मिली थी, जब गुमथल रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर से जानकारी की गई, तो फायर इंस्ट्रूमेंट खुलने की बात सामने आई। जन हानि नहीं होने पर जीआरपी स्टाफ मौके पर नहीं पहुंचा-राजदेव पूनिया, प्रभारी, थाना जीआर।

ये भी पढ़ें- संभल: थाने में धरने पर बैठे बजरंग दल कार्यकर्ता, बैकफुट पर पुलिस