लखनऊः पेरिस ओलंपिक में चमक बिखेरने को तैयार प्रदेश के सितारे, प्रदेश के आधा दर्जन खिलाड़ी होंगे शामिल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

(संजीव पांडेय) लखनऊ, अमृत विचार: पेरिस में 17 दिनों तक चलने वाले ओलंपिक खेल में उत्तर प्रदेश के 6 खिलाड़ी अपना दम दिखाने को तैयार हैं। इनमें मेरठ की पारुल चौधरी, अन्नू रानी, प्रियंका गोस्वामी व सहारनपुर की प्राची चौधरी भी शामिल हैं। वाराणसी के ललित उपाध्याय और बलिया के राजकुमार पाल अपना जलवा हाकी में दिखाएंगे। लंदन ओलंपिक-2012 में 8, रियो ओलंपिक -2016 में 7 व टोक्यो ओलंपिक-2020 में यूपी के 10 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।

पारुल चौधरी: मेरठ की पारुल चौधरी पहली बार ओलंपिक में भाग ले रही हैं। एशियाई खेल-2022 में पारुल 3000 मीटर स्टीपलचेज मे रजत और 5000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। ओलंपिक में दो स्पर्धाओं में हिस्सा लेने वाली इकलौती भारतीय एथलीट हैं। पारुल का स्टीपलचेज में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 9 मिनट 15.21 सेकंड है जो उन्होंने बुडापेस्ट में हुई विश्व चैंपियनशिप में निकाला था।

Your paragraph text (69)

प्रियंका गोस्वामी: मेरठ की ही प्रियंका गोस्वामी का यह दूसरा ओलंपिक होगा। मौजूदा समय में प्रियंका 20 किलोमीटर पैदल चाल प्रतियोगिता में देश की नंबर एक, एशिया की नंबर तीन और दुनिया का 30वें नंबर की एथलीट हैं। टोक्यो ओलंपिक में उमसभरी गर्मी के कारण प्रियंका अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सकीं, उन्होंने 12 किलोमीटर तक रेस को लीड किया था। इस बार मौसम ने साथ दिया और वह अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1 घंटा 28 मिनट 45 सेकंड में कुछ सुधार कर पाईं तो वह भारत के लिए पदक जीत सकेंगी। पहली बार पेरिस ओलंपिक में मिक्स मैराथन पैदल चाल की स्पर्धा आयोजित की जा रही है। इसमें भी प्रियंका हिस्सा लेंगी।

अन्नू रानी: मेरठ की जैवलिन थ्रोअर अन्नू रानी का लगातार यह दूसरा ओलंपिक होगा। टोक्यो में उन्होंने 54 मीटर का थ्रो किया था। वह फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी थीं। इस बार पेरिस में उनका पहला मकसद 60 मीटर का बैरियर पार कर फाइनल के लिए क्वालीफाई करना होगा। बताते चले कि अन्नू का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 63.82 मीटर है। उन्होंने वर्ष 2022 में जमशेदपुर में यह प्रदर्शन किया था।

प्राची चौधरी: सहारनपुर की प्राची का यह पहला ओलंपिक है। हांगझोऊ एशियाई खेल 2022 में 4 गुणा 400 मीटर रिले दौड़ में उन्होंने रजत पदक जीत था। इसी स्पर्धा में वह पेरिस ओलंपिक में हिस्सा लेंगी। प्राची के साथ इस दौड़ में ज्योतिका श्री दांडी, शुभा वेंकटेशन, विथ्या रामराज, पूवम्मा एमआर में हिस्सा लेंगी।

ललित उपाध्याय व राजकुमार: पेरिस ओलंपिक में हिस्सा लेने वाली भारतीय हॉकी टीम में उत्तर प्रदेश के दो खिलाड़ी शामिल हैं। वाराणसी के ललित कुमार उपाध्याय व बलिया के राजकुमार पाल पेरिस में भारत को पदक दिलाने को जोरआजमाइश करेंगे। ललित कुमार उपाध्याय का यह दूसरा और राजकुमार पाल का यह पहला ओलंपिक होगा। देश के बेहतरीन फारवर्ड ललित उपाध्याय ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था। वह एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता टीम के सदस्य भी रहे। राजकुमार पाल लखनऊ के साई सेंटर में कई वर्ष तक अभ्यास किया। जूनियर एशिया कप की विजेता टीम के सदस्य रहे।

प्रदेश के खिलाड़ियों ने जीते हैं 9 स्वर्ण पदक
प्रदेश के खिलाड़ियों ने 94 वर्षों के ओलंपिक इतिहास में 9 स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीत कर देश का मान बढ़ाया है। एमस्टरडम ओलंपिक-1928 से ही प्रदेश के खिलाड़ी हर ओलंपिक में भारत के लिए खेलते आ रहे हैं। इनमें ध्यानचंद ने तीन ओलंपिक में हिस्सा लिया और तीनों में स्वर्ण पदक जीत कर देश का गौरव बढ़ाया। उनके बाद केडी सिंह बाबू ने लंदन-1948 और हेलसिंकी-1952 में स्वर्ण पदक जीत कर तिरंगा लहराया। 1960 रोम ओलिंपिक में जमन लाल शर्मा ने रजत, 1964 टोक्यो ओलंपिक में गोरखपुर के अली सईद ने स्वर्ण पदक जीता। 1980 मास्को ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम में वाराणसी के मो. शाहिद, अलीगढ़ के जफर इकबाल और लखनऊ के रविन्दर पाल सिंह शामिल रहे। इसके 40 साल बाद टोक्यो ओलंपिक-2020 में भारतीय हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीता। इस टीम में उत्तर प्रदेश (वाराणसी) के ललित कुमार उपाध्याय शामिल रहे।

यह भी पढ़ेः यूपी का पहला उच्च संस्थान बना लखनऊ विश्वविद्यालय, टॉप 100 में 47 वां स्थान

संबंधित समाचार