बरेली: दरवाजे तोड़कर घरों में घुसकर महिलाओं को पीटा...बवाल में 7 लोग घायल, 51 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

बरेली: दरवाजे तोड़कर घरों में घुसकर महिलाओं को पीटा...बवाल में 7 लोग घायल, 51 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
गांव गौसगंज में मामले की जानकारी लेते पुलिस अफसर।

बरेली, अमृत विचार। शाही के गांव गौसगंज में टार्च की रोशनी का विरोध करने पर सैकड़ों लोग दरवाजा तोड़कर घर में घुस गए। घर में महिलाओं से मारपीट और अभद्रता की। विरोध करने पर पथराव भी किया। मारपीट में सात लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। एसपी दक्षिणी मानुष पारीकी, शाही समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने 16 लोगों को हिरासत में लिया है। साथ ही इस मामले में 51 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

गांव गौसगंज निवासी कुंदनलाल के घर में शादी समारोह है। शुक्रवार को बहू की विदाई होकर आई। रात 8 बजे के बाद एक समुदाय के युवक उनके घर में टार्च लगाने लगे। कुंदनलाल और उनके परिजनों ने विरोध किया। इस पर युवकों ने पथराव कर दिया। कुंदनलाल के पक्ष के लोग भी आ गए और विरोध जताया। तब दूसरे पक्ष के बड़ी संख्या में लोग हथियार लेकर आए और कुंदनलाल और उनके पक्ष के लोगों के घरों में घुस गए और मारपीट की। कुंदनलाल के पक्ष के कई लोगों ने डर में दरवाजे बंद कर लिए।

इस पर आरोपियों ने दरवाजे तोड़ दिए और महिलाओं समेत अन्य लोगों को भी पीटा। जिससे गांव में आक्रोश पनप गया। सूचना पर फोर्स पहुंची और आरोपियों को हिरासत में लिया। हमले में कुंदनलाल पक्ष के पायल, तेजराम, रेवतीराम, सोमपाल, मनोहर, रुपचंद और दिव्या गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने पुलिस की मदद से घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।

तीन दिन पहले ताजिये निकालने के दौरान हुआ था विवाद
ग्रामीणों ने बताया कि दूसरे समुदाय के लोगों ने गलियों को भी घेर लिया था। लोग करीब एक घंटे तक घर से बाहर नहीं निकल सके। मौके पर पहुंची पुलिस की सहायता से घायलों को अस्पताल तक पहुंचाया जा सका है। मंगलवार को गौसगंज गांव में ताजिये निकाले गए थे। ताजियों को लेकर लोगों ने परंपरा के विरुद्ध तय स्थान से आगे बढ़ा दिया। इस पर लोगों ने आपत्ति जताई थी। बाद में पुलिस के दखल अंदाजी से मामला सुलझ गया था। आरोपियों ने विवाद की साजिश दो दिन पहले ही रच ली थी और शुक्रवार को टॉर्च की रोशनी लगाने के बहाने हमला कर दिया।

गांव में शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। 15-16 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। -मानुष पारीक, एसपी दक्षिणी