Exclusive: पुराने शुक्लागंज पुल के समानांतर बनेगा नया फोरलेन पुल; जिलाधिकारी ने सेतु निगम से तैयार कराई सर्वे रिपोर्ट

Exclusive: पुराने शुक्लागंज पुल के समानांतर बनेगा नया फोरलेन पुल; जिलाधिकारी ने सेतु निगम से तैयार कराई सर्वे रिपोर्ट

कानपुर, अभिनव मिश्रा। पुराने बंद पड़े शुक्लागंज पुल के बगल में नया फोरलेन पुल बनाया जाएगा। शासन ने इसका प्रस्ताव बनाने के लिए जिलाधिकारी को निर्देशित किया था। इसके बाद सेतु निगम ने स्थलीय सर्वेक्षण कर नए पुल की लागत 560 करोड़ रुपये बताई है। नए पुल का निर्माण पुराने पुल से 40 मीटर दूरी पर होगा। शुक्लागंज छोर पर रेलवे क्रासिंग की समस्या दूर करने के लिए रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) बनाया जाएगा। 

अंग्रेजों के शासनकाल में कानपुर को उन्नाव से जोड़ने के लिए तैयार किए गए पुराने शुक्लागंज पुल को आवागमन के लिए अयोग्य घोषित कर बंद किया जा चुका है। इसके बाद जाजमऊ गंगापुल और गंगा बैराज होते हुए 70 प्रतिशत ट्रैफिक उन्नाव व लखनऊ की तरफ से आता-जाता है। हालांकि कैंट में झाड़ी बाबा पुल पांच साल पहले बने नए गंगा पुल से शुक्लागंज को जोड़ता है। 

लेकिन इसके लिए लोगों को पनचक्की चौराहा, नरोना, माल रोड जैसे व्यस्त मार्गों पर भारी जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। नया शुक्लागंज पुल तैयार होने से लोगों को जाजमऊ, गंगा बैराज, झाड़ी बाबा पुल से होकर नहीं जाना पड़ेगा। शहर को उन्नाव से जोड़ने के लिए शासन ने शुक्लागंज का नया पुल तैयार करने का प्रस्ताव जिलाधिकारी से मांगा था। जिलाधिकारी राकेश कुमार ने सेतु निगम को पुल निर्माण का भौतिक सत्यापन करने को कहा था। 

सेतु निगम ने सर्वे कर करीब 850 मीटर लंबे फोरलेन पुल का निर्माण प्रस्तावित कर 560 करोड़ रुपये अनुमानित लागत बताई है। सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक पुराने शुक्लागंज पुल से करीब 40 मीटर दूरी पर फोरलेन पुल बनाकर उसे शुक्लागंज में फोरलेन से जोड़ा जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार पुराने पुल को तोड़कर नया पुल बनाने में भारी लागत आएगी। गुरुवार को सेतु निगम जिलाधिकारी को सर्वे रिपोर्ट सौंपेगा। सहमति बनने पर डीपीआर तैयार कराई जाएगी।

कुछ इस तरह की तैयार की गई डिजाइन

पुल 2

नया फोरलेन पुल पुराने शुक्लागंज गंगा पुल के समानांतर ओईएफ मैदान की ओर से बनेगा, जो दो हिस्सों में होगा। पहले हिस्से में ओईएफ स्टेडियम की चहारदीवारी के बगल से होते हुए पुराने गंगा पुल के बाएं तरफ से शुक्लागंज तक बनेगा। दूसरे हिस्से में शुक्लागंज रेलवे क्रासिंग से रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) बनेगा। यह दुर्गा मंदिर के पास उतरेगा।  

पुराने शुक्लागंज पुल के समानांतर नए पुल के निर्माण के लिए शासन से आख्या मांगी गई है। सेतु निगम ने भविष्य में बढ़ने वाले ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए 800 मीटर लंबे फोरलेन पुल का प्रस्ताव तैयार किया है, जिसकी अनुमानित लागत 560 करोड़ है। गुरुवार को प्रस्ताव जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा। -डीके यादव, परियोजना निदेशक, सेतु निगम

यह भी पढ़ें- Kanpur: एलिवेटेड रेलवे ट्रैक से पहले क्रासिंगों पर होगा ओवरब्रिज व अंडरपास का सर्वे; पूर्वोत्तर रेलवे की लखनऊ इकाई ने शुरू की तैयारी