State Taekwondo Championship: लखनऊ के खिलाड़ियों का दबदबा बरकरार, तीसरे दिन जीते 5 स्वर्ण

State Taekwondo Championship: लखनऊ के खिलाड़ियों का दबदबा बरकरार, तीसरे दिन जीते 5 स्वर्ण

लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ के खिलाड़ियों ने 40वीं सब जूनियर, 8वीं कैडेट, 42वीं जूनियर व 41वीं सीनियर क्योरगी व आठवीं पूमसे उत्तर प्रदेश राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप में अपना दबदबा बनाए रखते हुए पांच स्वर्ण पदकों पर कब्जा किया। उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन की देखरेख में लखनऊ जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन ने केडी सिंह बाबू स्टेडियम के बहुउद्देश्यीय हाल में आयोजित चैंपियनशिप में रविवार को मुरादाबाद के खिलाड़ियों ने भी 2 स्वर्ण पदक जीते।

वहीं गोरखपुर, साई लखनऊ, बागपत, गाजीपुर, प्रयागराज, गाजियाबाद, जालौन और यूपी पुलिस ने भी एक-एक स्वर्ण पदक अपने नाम किए। तीसरे दिन मेजबान लखनऊ ने 5 स्वर्ण, 5 रजत व 9 कांस्य पदक अपने नाम किए और अब तक कुल 17 स्वर्ण, 13 रजत व 15 कांस्य पदक जीतकर अभी भी होड़ में सबसे आगे हैं।

आज लखनऊ के उज्जवल, नायरा शाह, सौम्या तिवारी, अन्वेषा जैन, रिया वर्मा, मुरादाबाद के आशीष सिंह, नित्या त्यागी, गोरखपुर की अंशिका शुक्ला, साई लखनऊ की जया कुमारी, बागपत की अंशिका खोखर, गाजीपुर के रूद्र यादव, प्रयागराज के श्याम जायसवाल, गाजियाबाद के पार्थ भारद्वाज, यूपी पुलिस की रिशिता राय व जालौन की मेहर नंदिनी ने अपने-अपने भार वर्गो में स्वर्णिम सफलता हासिल की। चैंपियनशिप के मुकाबले देर रात तक जारी रहे।

इसमें बालक जूनियर अंडर-45 किग्रा में लखनऊ के उज्जवल ने स्वर्ण, लखनऊ के मंयाशु गौतम ने रजत एवं इटावा के शौर्य सिंह व बहराइच के अरहम मिर्जा ने कांस्य जीते। बालिका कैडेट अंडर- 172 सेमी. में गोरखपुर की अंशिका शुक्ला ने स्वर्ण व लखनऊ की अंशिका मौर्या ने रजत पदक जीते। बालिका जूनियर अंडर-49 किग्रा में साई लखनऊ की जया कुमारी ने स्वर्ण, लखनऊ की आयुषी ने रजत एवं बरेली की काजल व लखनऊ की शिवि सिंह ने कांस्य पदक जीते।

बालिका सब जूनियर अंडर-47 किग्रा में बागपत की अंशिका खोखर ने स्वर्ण, कानपुर की अनन्या ने रजत एवं देवरिया की पूर्णिमा मौर्या व लखनऊ की सताक्षी चौधरी ने कांस्य पदक जीते। बालक सब जूनियर अंडर-41 किग्रा में गाजीपुर के रूद्र यादव ने स्वर्ण, प्रयागराज के रोहित ने रजत एवं आगरा के अंशुमान राठौर व बरेली के फैज ने कांस्य पदक जीते। बालक सब जूनियर 50 किग्रा से अधिक में प्रयागराज के श्याम जायसवाल ने स्वर्ण, सीतापुर के वैभव मौर्या ने रजत एवं लखीमपुर खीरी के फैजल रहमानी ने कांस्य पदक जीते।

पुरुष सीनियर अंडर-74 किग्रा में गाजियाबाद के पार्थ भारद्वाज ने स्वर्ण, सहारनपुर के दीपांशु ने रजत एवं आगरा के अनुज कुमार व गोरखपुर क घनश्याम ने कांस्य पदक जीते। बालिका सब जूनियर अंडर-35 किग्रा में लखनऊ की नायरा शाह ने स्वर्ण, महराजगंज की अंजलि ने रजत एवं लखीमपुर-खीरी की अहाना व लखनऊ की आराध्या ने कांस्य पदक जीते। बालिका कैडेट अंडर-152 सेमी. में लखनऊ की सौम्या तिवारी ने स्वर्ण, सीतापुर की तनिष्का पाल ने रजत एवं प्रयागराज की आरुषी व लखनऊ की वैभवी तिवारी ने कांस्य पदक जीते।

यह भी पढ़ेः कांवड़ यात्रियों के लिए चलाई जाएंगी 5 स्पेशल ट्रेनें, जाने क्या हैं रूट