बदायूं: थानाध्यक्ष के खिलाफ आक्रोशित ब्राह्मण समाज ने किया धरना-प्रदर्शन, जानें मामला
एक युवक से बात करते थानाध्यक्ष का ऑडियो हुआ था वायरल, ब्राह्मणों पर फर्जी मुकदमे की बात कहने का आरोप

बिसौली, अमृत विचार। थाना फैजगंज बेहटा के थानाध्यक्ष वेदपाल सिंह की ऑडियो वायरल होने के बाद उनके खिलाफ ब्राह्मण समाज का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लगातार शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई न होने पर ब्राह्मण व अन्य समाज के लोगों ने बिसौली के पीडब्लूडी गेस्ट हाउस पर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। जुलूस निकालकर तहसील तक पहुंचे। जहां आयोजित हो रहे संपूर्ण समाधान दिवस में एडीएम को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। थानाध्यक्ष पर जातिवाद करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एडीएम ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सप्ताह भर पहले थानाध्यक्ष का ऑडियो वायरल हुआ था। जिसमें वह एक युवक से बात कर रहे हैं। कह रहे थे कि उन्होंने ब्राह्मणों के खिलाफ भी फर्जी मुकदमे लिखे हैं। ऑडियो सोशल साइट्स पर वायरल हुई। जिससे ब्राह्मण समाज के लोग आक्रोशित हो गए। थानाध्यक्ष पर कार्रवाई के लिए बिसौली और बिल्सी एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ब्राह्मण महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवेश दत्त भारद्वाज ने एडीजी को फोन करके मामले से अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की थी। एसएसपी ने सीओ को जांच दी।
ब्राह्मण समाज ने कहा कि सीओ खुद एक व्यक्ति पर कार्रवाई के चक्कर में विवाद में घिरे हैं वह जातिवाद करने वाले थानाध्यक्ष की सही जांच नहीं करेंगे। तो जांच एसपी देहात को दी गई है। परशुराम युवा मंच के जिलाध्यक्ष ने छह जुलाई को धरना-प्रदर्शन का आह्वान किया था। जिसके अंतर्गत वह सड़क पर उतर आए। परशुराम युवा मंच और राष्ट्रीय करणी सेना के पदाधिकारी व अन्य ब्राह्मण समाज के लोग शनिवार को बिसौली के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पर एकत्र हुए और धरना-प्रदर्शन किया। फैजगंज बेहटा थानाध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी की।
परशुराम युवा मंच के जिलाध्यक्ष हिमांशु उपाध्याय ने कहा कि ब्राह्मणों के मान-सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले थानाध्यक्ष को थाने की मेन कुर्सी पर बैठे रहने का अधिकार नहीं है। केके उपाध्याय ने कहा कि ब्राह्मण सम्मान का भूखा है, किसी भी कीमत पर ब्राह्मण अपमान बर्दाश्त नहीं कर सकते। बनवारी लाल पाठक ने कहा कि जल्दी ही वेदपाल सिंह को थानाध्यक्ष पद से नहीं हटाया गया तो हजारों की संख्या में ब्राह्मण सड़कों पर उतरेंगे।
राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र फौजी ने कहा कि कुछ दलाल प्रवृत्ति के लोग अफवाह फैला रहे हैं कि सवर्ण समाज में दो फांट है लेकिन ऐसा कुछ नहीं है। सभी लोग मिलकर यह लड़ाई लड़ेंगे।
अभीक्ष पाठक ने कहा कि तीन दिन में थानाध्यक्ष को निलंबित न करने पर जिला से लेकर प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन होगा। जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। जिसके बाद वह लोग जुलूस के रूप में पैदल तहसील तक पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। सभासद दीपक पाठक, चंद्रपाल शर्मा, योगेश शर्मा, सविता शर्मा, रामकुंवर पाठक, साहू मिश्रा, प्रवीण शर्मा, बंटी सिंह, विवेक ओझा, सत्यनारायण शर्मा, सुनील कुमार शर्मा, विशाल शर्मा, अवधेश मिश्रा, धर्मेंद्र शर्मा, ज्ञानेंद्र शर्मा, अनमोल शर्मा, सुशील शर्मा, अनिल कुमार शर्मा, नितिन मिश्रा, मनु शर्मा, अभिषेक शर्मा आदि उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें- पुलिस की प्रतियोगिता में दूसरे दिन भी बदायूं का दबदबा