बरेली: तकनीकी खामी से नहीं हो सका मुख्यमंत्री का संवाद, खुल गई महिला हेल्प डेस्क

बरेली,अमृत विचार। मिशन शक्ति को मजबूत करने के लिए प्रदेश के हर थाने में महिला हेल्प डेस्क खोली गयी है। मुख्यमंत्री को प्रदेश में इसका एक साथ उद्घाटन करना था। बरेली पुलिस ने भी तैयारियां की थीं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की पूरी तैयारी की गई थी। प्रदेश के 16 रेंज मुख्यालयों के एक-एक थाने को सीएम …
बरेली,अमृत विचार। मिशन शक्ति को मजबूत करने के लिए प्रदेश के हर थाने में महिला हेल्प डेस्क खोली गयी है। मुख्यमंत्री को प्रदेश में इसका एक साथ उद्घाटन करना था। बरेली पुलिस ने भी तैयारियां की थीं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की पूरी तैयारी की गई थी। प्रदेश के 16 रेंज मुख्यालयों के एक-एक थाने को सीएम की वीडियो कांफ्रेंस से जुड़ना था। बरेली तकनीकी खामी के कारण उनसे नहीं जुड़ पाया। इसकी वजह से बरेली से मुख्यमंत्री का संवाद नहीं हुआ। इसके बाद सामूहिक रूप से मुख्यमंत्री ने बरेली के 29 थानों समेत प्रदेश के 1535 थानों में बनी महिला हेल्प डेस्क का उद्घाटन कर दिया।
शुक्रवार सुबह 11 बजे महिला हेल्प डेस्क का उद्घाटन कराने के लिए एडीजी, मंडलायुक्त, डीआईजी, डीएम, एसएसपी समेत पुलिस और प्रशासन के तमाम अफसर कोतवाली में मौजूद थे। उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान शारदीय नवरात्र से वासंती नवरात्र तक चलेगा। सीएम ने कहा कि इस अभियान से महिलाओं और लड़कियों की भागीदारी और सक्रियता से समाज को लाभ मिलेगा। महिलाओं की समस्याओं के लिये अलग डेस्क बनाई गई है। यहां पर महिलाएं ही महिलाओं की समस्या को सुनेंगी। मुख्यमंत्री ने नोएडा, गाजियाबाद, गोरखपुर, बनारस और मेरठ के थानों में बात की।
कोतवाली में शहर विधायक डा. अरुण कुमार, एडीजी अविनाश चंद्र, कमिश्नर रणवीर प्रसाद, डीआईजी राजेश कुमार पांडेय, डीएम नितीश कुमार, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, डीपीओ नीता अहिरवार, पारुल मलिक समेत कई समाजिक संगठनों की महिलाएं और तीन तलाक पीड़िताएं मौके पर मौजूद रहीं।
शोहदों पर लगेगी लगाम
एसएसपी ने छेड़छाड़, चेन स्नेचिंग और महिला अपराधों पर अंकुश लगाने के लिये पिंक ब्रिगेड बनाई है। इसमें पुलिस की दो गाड़ियों को पिंक पट्टी के साथ मैदान में उतारा जायेगा। इनमें महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। उन्हें प्रशिक्षण भी दिया गया है। यह पिंक ब्रिगेड स्कूल, कालेज, कोचिंग और बाजारों पर नजर बनाए रहेगी।
जिले में 192 जगह होती है छेड़खानी
महिला हेल्प डेस्क के कार्यक्रम के बीच एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि बीते सात दिनों में मिशन शक्ति के तहत बरेली पुलिस ने 300 से ज्यादा गांवों में जागरूकता अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि जिले में 192 ऐसे स्थान हैं जहां सबसे अधिक छेड़खानी होती है। वहां पुलिस पिकेट के साथ-साथ पिंक बिग्रेड की तैनाती की जाएगी।
“जोन के तहत 172 थाने हैं। हर थाने में महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया गया है। इस डेस्क पर महिलाओं से संबंधित शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। यहां तीन शिफ्टों में 24 घंटे पीड़ितों की सुनवाई की जाएगी।” -अविनाश चंद्र, एडीजी