लखनऊ की आंख से देखने को मिलेगा पूरे शहर का नजारा, लंदन की तर्ज पर बने झूले

लखनऊ की आंख से देखने को मिलेगा पूरे शहर का नजारा,  लंदन की तर्ज पर बने झूले

लखनऊ, अमृत विचार: ड्रोन और सेटेलाइट की तस्वीरों में दिखने वाला राजधानी का नजारा जल्द आंखों के सामने देखने को मिलेगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) लंदन की तर्ज पर ''लखनऊ आई'' रिंग बनाने जा रहा है। झूले की शक्ल वाले इस आई रिंग में बैठकर पूरा शहर दिखेगा। एलडीए ने यह कार्य अपनी संस्था प्रोजेक्ट मैनेजमेंट सेल (पीएमसी) को दिया है। जो आर्किटेक्ट के माध्यम से इसका खाका तैयार कर रही है। पीएमसी ने लखनऊ आई बनाने के लिए गोमती रिवर फ्रंट में हनुमान सेतु की तरफ व ला मार्टिनियर स्कूल की तरफ जगह चिह्नित की है। इनमें से किसी एक में लखनऊ आई बनेगा। करीब 15 दिन में इसकी डिजाइन, डीपीआर लागत आदि का प्रस्ताव तैयार कर चेयरमैन को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। उपाध्यक्ष डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि प्रक्रिया चल रही है, जल्द टेंडर डाले जाएंगे।

10 एकड़ में बनेगा लखनऊ आई, लंदन से भी होगा ऊंचा
लंदन आई की 135 मीटर ऊंचाई है। जबकि लखनऊ आई 140-150 मीटर ऊंचा बनेगा। इसका क्षेत्रफल 10 एकड़ के आसपास होगा। इसका कार्य किसी बाहरी राज्य की एजेंसी को टेंडर देकर कराया जाएगा। यदि एजेंसी न मिली तो किसी देश से संपर्क किया जाएगा। लखनऊ आई में एयर कंडीशन कैप्सूल होंगे। जिसमें बैठकर शहर का नजारा दिखेगा। अंदर खाने-पीने की व्यवस्था भी होगी। झूले का एक चक्कर करीब 25-30 मिनट का होगा। जो काफी धीमे नीचे से ऊपर की तरफ घूमेगा। शहर का हेरीटेज एरिया, बिल्डिंग, पार्क, नदी आदि दिखायेगा।


2014 में बनी थी डिजाइन, 200 करोड़ लागत

एलडीए लखनऊ आई काफी समय से बनाने का प्रयास कर रहा है। लेकिन, प्रोजेक्ट बड़ा और कठिन होने के कारण धरातल पर नहीं उतर पाया है। 2014 में यह प्रस्ताव बना था और आर्किटेक्ट द्वारा इसकी डिजाइन बनाई गई थी। उस समय 200 करोड़ लागत तय की गई थी। तब से अब काफी अंतर होने के कारण लागत दो गुनी हो सकती है। इस बार बजट आड़े नहीं आएगा। प्राधिकरण इसे प्राथमिकता से बनाएगा।

यह भी पढ़ेः  मुख्यमंत्री का सचिव बन ठगी करने वाला गिरफ्तार