बरेली: फिर पारा 44.4 डिग्री पहुंचा, रात में भी बढ़ी गर्मी...जानें कब मिलेगी राहत?

दो दिन और हीट वेव और वार्म नाइट का ओरेंज अलर्ट

बरेली: फिर पारा 44.4 डिग्री पहुंचा, रात में भी बढ़ी गर्मी...जानें कब मिलेगी राहत?

बरेली, अमृत विचार। पिछले एक सप्ताह से लोग गर्मी से बेहाल हो रहे हैं। दिन के साथ रात में भी राहत नहीं मिल रही है। जिले में रविवार को एक बार फिर पारा 44.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसके अलावा रात का तापमान भी बढ़कर 30.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दिन में 12 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली गर्म हवाओं से लोग बेहाल हो गए।

मौसम विभाग ने अभी दो दिन हीट वेव और वार्म नाइट का ओरेंज अलर्ट जारी किया है। 19 जून से बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इससे करीब चार दिनों तक बूंदाबांदी होने से गर्मी से राहत मिलेगी।

जिले में 10 और 11 जून को अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद तीन दिन लगातार 12, 13 और 14 जून को 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया लेकिन रविवार को फिर से 44.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 5.5 और न्यूनतम 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इस दौरान आर्द्रता सुबह 41 प्रतिशत और शाम को 28 प्रतिशत दर्ज की गई।

आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डाॅ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आने वाले दो दिन हीटवेव और वार्म नाइट का अलर्ट है। इस दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के आसपास दर्ज किया जाएगा।

ये भी पढे़ं- बरेली: आधी रात को निरीक्षण के लिए पहुंचे डीआरएम, जांचीं व्यवस्थायें