बरेली: सपा नेताओं ने न्यूज चैनलों पर एग्जिट पोल को बताया फर्जी, बोले- मतगणना के दौरान हुआ षडयंत्र तो करेंगे आंदोलन

बरेली: सपा नेताओं ने न्यूज चैनलों पर एग्जिट पोल को बताया फर्जी, बोले- मतगणना के दौरान हुआ षडयंत्र तो करेंगे आंदोलन

बरेली, अमृत विचार: एग्जिट पोल सुनियोजित हैं और इन्हें न्यूज चैनलों पर दिखाकर देश में भ्रम की स्थिति फैलाई गई है। देश भर में जनता का भाजपा के खिलाफ जो रुख पूरे चुनाव में दिखाई दिया, ये एग्जिट पोल ठीक उसके उलट हैं। यह भाजपा का षड्यंत्र है कि सभी एग्जिट पोल इंडिया गठबंधन के खिलाफ दिखाए गए। भाजपा की शासन पर भी दबाव बनाने की युक्ति इसमें नजर आ रही है।

समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप ने सोमवार को एक होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह बात कही। उन्होंने कहा कि अफवाह उड़ाकर मतगणना को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। यह सत्ता का दुरुपयोग है जो लोकतंत्र के लिए ठीक नही है। हम निष्पक्ष मतगणना चाहते हैं। पार्टी प्रमुख के निर्देश पर बुलाई गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिलाध्यक्ष ने कहा कि बरेली समेत मंडल की कई सीटों पर इंडिया गठबंधन की जीत सुनिश्चित है।

गठबंधन प्रत्याशी प्रवीण सिंह ऐरन ने कहा कि 2014 और 2019 में भाजपा की रैलियों में जैसी भीड़ दिखाई दी थी, इस चुनाव में कहीं नजर नहीं आई। उनके पंडाल भी ठीक तरह नहीं भर पा रहे थे। इसी वजह से बरेली में भी प्रधानमंत्री को एक पॉश इलाके में रोड शो करना पड़ा। बोले, जनता साफ तौर पर भाजपा के खिलाफ खड़ी नजर आ रही थी फिर भी एग्जिट पोल के जरिये षडयंत्र रचा जा रहा है।

महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि मतगणना के दौरान कोई षडयंत्र भाजपा के इशारे पर किया गया तो लोहिया के लोग आंबेडकर के संविधान की ताकत के दम पर लोकतांत्रिक आंदोलन करने से पीछे नहीं रहेंगे। सपा नेताओं ने कहा कि समाजवादियों का साथ देने के लिए हजारों लोग मतगणना स्थल के आसपास रहेंगे। वार्ता के समय सपा के प्रदेश महासचिव अताउर रहमान, विधायक शहजिल इस्लाम, पूर्व विधायक विजय पाल, रविंद्र यादव, संजीव यादव, प्रवक्ता मयंक शुक्ला, पार्षद राजेश अग्रवाल, मनोहर पटेल मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- Bareilly News: आईटीआई में तमंचा लेकर आए छात्र ने अपने साथी को मारी गोली, हालत गंभीर

ताजा समाचार