हल्द्वानी: अब तक का सबसे गर्म दिन रहा शुक्रवार, तापमान पहुंचा 43.6 डिग्री

हल्द्वानी, अमृत विचार। इन दिनों प्रचंड गर्मी पड़ रही है। सुबह से ही गर्मी का असर महसूस हो रहा है। हल्द्वानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया, जो अब तक का सबसे अधिक तापमान है। मौसम विभाग के अनुसार गर्मी से फिलहाल राहत मिलने के कोई आसार नहीं है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को अति उष्ण लहर का अनुमान जताया था। हल्द्वानी में सुबह से ही तपिश बढ़ गई। सुबह 11 बजे तक पारा 39 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच गया। दिन के समय लू के थपेड़े चलने लगे। प्रचंड गर्मी से लोग परेशान हो उठे। बाजार में भी भीड़ कम रही। लोग गर्मी से बचने के लिए सिर ढककर ही घर से बाहर निकल रहे थे। इधर, गर्मी के बीच में बिजली कटौती ने लोगों की दिक्कतों को और बढ़ा दिया।
हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो अब तक दर्ज किया सबसे अधिक तापमान है। गर्मी ने इस बार पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि कुमाऊं के मैदानी इलाकों में आज से पहले कभी भी तापमान 43 डिग्री से ज्यादा नहीं रहा, लेकिन इस बार 31 मई को यह रिकॉर्ड भी टूट गया है। उन्होंने बताया कि एक जून को बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी का अनुमान है। आगे भी गर्मी का ऐसा ही कहर रहेगा। जब तक प्री मानूसन नहीं आता है तब तक लोगों को गर्मी से जूझना होगा। उधर, पहाड़ों में कई स्थानों पर झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है।
कमजोर पड़ गया पश्चिमी विक्षोभ
पूर्व में 31 मई से दो जून तक राज्य के मैदानी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार थे, लेकिन अब पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ गया है। अब एक जून को हल्की बूंदाबांदी का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि केरल तक मानसून पहुंचने की सूचना है। उम्मीद है कि उत्तराखंड में 20 से 21 जून तक मानसून आ जाएगा।
मई में 10 से ज्यादा बार 40 पार गया पारा
शहर में मई माह में 10 से ज्यादा बार 40 डिग्री पार पारा दर्ज किया गया। इससे पहले ऐसा कभी नहीं हुआ। अमूमन मई माह में तीन से चार बार ही 40 डिग्री पार पारा दर्ज होता था। वहीं पिछले तीन सालों में मई माह में अधिकतम तापमान कभी भी 40 डिग्री तक भी नहीं पहुंचा था।