बदायूं: प्रेमी से पीछा छुड़ाने को महिला ने कराई युवक की हत्या...बोरे में रखकर रामगंगा में फेंका शव, जानिए घटना की कहानी

सिर पर सरिया से वार करके और गला दबाकर की थी हत्या, बोरे में रखकर रामगंगा में फेंका था शव

बदायूं: प्रेमी से पीछा छुड़ाने को महिला ने कराई युवक की हत्या...बोरे में रखकर रामगंगा में फेंका शव, जानिए घटना की कहानी
मृतक

दातागंज, अमृत विचार। प्रेमी से पीछा छुड़ाने के लिए एक महिला ने अपने पति और पिता के साथ मिलकर षड्यंत्र रचा। होली के दिन प्रेमी को मिलने के लिए बुलाया। सिर पर वार करके घायल कर दिया। फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। शव को बोरे में बंद करके रामगंगा नदी में फेंक दिया। युवक के लापता होने पर उसके परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने युवक का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाया। कॉल डिटेल खंगाली। पुलिस महिला तक पहुंची। सख्ती से पूछताछ में महिला ने घटना कबूल की। महिला के पति की निशानदेही पर पुलिस ने गांव मुड़ा पुख्ता के पास रामगंगा से बोरी में बंद शव बरामद कर लिया। तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी पति की तलाश की जा रही है।

दातागंज क्षेत्र के गांव उगनपुर निवासी अमित उर्फ सुमित (25) पुत्र राम सिंह खेती करके परिवार का पालन पोषण करते थे। होली के दिन शाम छह बजे वह घर से निकले थे। रात लगभग नौ बजे पत्नी को फोन करके बताया कि वह गांव बक्सेना निवासी अपने दोस्त के पास जा रहे हैं लेकिन वह रात भर घर नहीं लौटे। युवक का मोबाइल भी बंद आ रहा था।

अगले दिन परिजनों ने युवक की तलाश की लेकिन कहीं पता नहीं चला। परिजनों ने 28 मार्च को दातागंज पुलिस को सूचना देकर गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने युवक का नंबर सर्विलांस पर लगाया। उसकी लोकेशन गांव सादुल्लागंज टॉवर क्षेत्र की थी।

पुलिस ने आसपास युवक के रिश्तेदार और जान पहचान वालों की जानकारी की लेकिन पता नहीं चला। कॉल डिटेल में राज खुल गया। अमित ने अंतिम कॉल ने अपनी बहन की ससुराल निवासी महिला रिश्तेदार को की थी। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती करने पर वह टूट गई और हत्या की बात कबूल की। 

उसने पुलिस को बताया कि शादी से पहले उसके अमित से प्रेम संबंध थे। पहले अमित और फिर उसकी शादी कहीं और हो गई लेकिन अमित उसे नहीं छोड़ रहा था। आए दिन मिलने को कहता था। कई बार उसकी ससुराल थाना बिनावर क्षेत्र के गांव पहुंच गया।

अमित को पता चला कि वह अपने मायके दातागंज क्षेत्र के गांव आई तो वह मिलने की जिद करने लगा। जिसके चलते उसने मायके में मौजूद अपने पति मुकेश और पिता राजपाल के साथ मिलकर षड्यंत्र रचा। होली की शाम अमित को मिलने के लिए अपने मायके बुलाया।

जहां पहुंचते ही मुकेश और राजपाल ने सरिया से अमित के सिर पर वार किया। फिर गला दबाकर हत्या कर दी। शव बोरे में रखा। जिसमें ईंट और पत्थर भी भर दी। फिर रामगंगा में ले जाकर फेंक दिया। पुलिस ने रविवार शाम रामगंगा से शव बरामद कर लिया। मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन की तहरीर पर मुकेश, राजपाल और महिला के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 

एक युवक होली के दिन लापता हो गया था। उसकी तलाश की जा रही थी। रविवार को उसका शव रामगंगा में बोरे में बंद मिला। एक महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा- केके तिवारी, सीओ दातागंज।

ये भी पढ़ें- बदायूं: नशीला पाउडर रखने के दोषी को 10 साल की सजा, एक लाख का जुर्माना...जानिए मामला