Lok Sabha Election 2024: बिहार में पहले चरण की सभी चार लोकसभा सीट पर NDA प्रत्याशी से लोहा लेंगे RJD उम्मीदवार 

Lok Sabha Election 2024: बिहार में पहले चरण की सभी चार लोकसभा सीट पर NDA प्रत्याशी से लोहा लेंगे RJD उम्मीदवार 

पटना। बिहार में लोकसभा चुनाव में प्रथम चरण की सभी चार सीटों पर इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव अलायंस (इंडी गठबंधन) में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रत्याशी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवार से लोहा लेंगे।

बिहार की 40 लोकसभा सीटों के लिए चुनाव 19 अप्रैल से 01 जून तक सात चरणों में किये जायेंगे। बिहार में प्रथम चरण की चार सीट गया (सु), औरंगाबाद, नवादा और जमुई (सु.) के लिए मतदान 19 अप्रैल 2024 को होगा।

इन सभी सीटों पर राजद के उम्मीदवार राजग प्रत्याशी से चुनावी रणभूमि में लोहा लेंगे। गया (सु) सीट पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के बैनर तले हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख और इमामगंज के विधायक जीतनराम मांझी चुनाव लड़ रहे हैं।

वहीं, (इंडी गठबंधन) में शामिल (राजद) प्रत्याशी और बोधगया के विधायक कुमार सर्वजीत चुनावी रणभूमि में ताल ठोक रहे हैं। गया (सु) इस बार के लोकसभा चुनाव में एकमात्र सीट है, जहां दो विधायक जीतन राम मांझी और कुमार सर्वजीत के बीच मुकाबला होगा।

जमुई (सु) सीट पर राजग के घटक दल लोजपा-रामविलास से चिराग पासवान ने अपने जीजा अरुण भारती को उम्मीदवार बनाया है। अरुण भारती पहली बार लोकसभा के चुनावी रण में किस्मत आजमा रहे हैं।वहीं, इंडी गठबंधन में शामिल राजद ने जमुई (सु) सीट से अर्चना रविदास को उम्मीदवार बनाया है।

अर्चना रविदास मुंगेर के राजद नेता मुकेश यादव की पत्नी हैं और उनका मायका जमुई क्षेत्र में है। अर्चना रविदास पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रही हैं। औरंगाबाद संसदीय सीट पर राजग में शामिल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर सुशील कुमार सिंह चुनावी समर में उतरे हैं।

इंडी गठबधन की ओर से राजद ने टेकारी के पूर्व विधायक अभय कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया है। अभय कुशवाहा ने हाल ही में जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के गया जिला अध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर राजद की सदस्यता ग्रहण की है। अभय कुशवाहा पहली बार लोकसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

नवादा सीट (राजग) मे सीटो में तालमेल के तहत लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के कोटे से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हिस्से में आ गयी है। नवादा सीट पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री सी.पी.ठाकुर के पुत्र और राज्यसभा सासंद विवेक ठाकुर उम्मीदवार हैं। विवेक ठाकुर पहली बार लोकसभा के चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

वहीं इंडी गठंबंधन में शमिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने श्रवण कुश्वाहा को उम्मीदवार बनाया है।श्रवण कुशवाहा पूर्व में गोविंदपुर विधानसभा क्षेत्र और साथ ही स्थानीय निकाय क्षेत्र से विधान परिषद का भी चुनाव लड़ चुके हैं। श्रवण कुश्वाहा भी लोकसभा चुनाव में पहली बार अपनी किस्मत आजमाएंगे। 

ये भी पढ़ें- बिहार में पहले चरण में लोकसभा चुनाव की दोनों सुरक्षित सीट पर NDA ने विजयी प्रत्याशी बदले