हल्द्वानी: नौ साल में तीसरी बार मार्च में हुई मूसलाधार बारिश

हल्द्वानी, अमृत विचार। मार्च की शुरूआत मूसलाधार बारिश के साथ हो रही है। शनिवार को जहां रिमझिम बारिश हुई तो वहीं मंगलवार को मूसलाधार बारिश रही। साथ ही ओलावृष्टि भी हुई। मौसम विज्ञानियों के अनुसार पिछले नौ साल में यह तीसरी बार है जब मार्च में मूसलाधार बारिश हो रही है।
शनिवार को शहर में रिमझिम बारिश हुई तो वहीं रविवार की शुरूआत भी बारिश के साथ ही हुई। हल्द्वानी में तड़के से बारिश होती रही। दिन भर रूक-रूक कर बारिश होने का सिलसिला चलता रहा। शाम को करीब चार बजे ओलावृष्टि भी शुरू हो गई। ओलों की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोगों को बचने के लिए छतें ढूंढनी पड़ी।
बाद में बार से बारिश शुरू हो गई। शाम को हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट आ गई। अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 7 डिग्री कम है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार हल्द्वानी में शनिवार को तीन मिमी और रविवार को 25 मिमी बारिश हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मार्च में पिछले नौ साल में तीसरी बारिश मूसलाधार बारिश हो रही है। मार्च 2023, मार्च 2020 में भी मूसलाधार बारिश हुई थी वहीं साल 2022 और 2021 की मार्च में सूखा रहा था। साल 2015 में 91 मिमी बारिश अभी तक मार्च में हुई सबसे ज्यादा बारिश का रिकॉर्ड है तो वहीं 21 मार्च 2022 को 58.2 मिमी बारिश हुई, जो मार्च में एक ही दिन में हुई सबसे ज्यादा बारिश है।
नैनीताल। शनिवार से रविवार देर रात तक रुक रुक कर हो रही बारिश से ठंड में एक बार और इजाफा होने लगा है। नैनी झील व सूखने के कगार पर पहुंच चुके प्राकृतिक जल स्रोत एक बार फिर से पुनर्जीवित हो चुके हैं। रविवार को नगर का अधिकतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोहरे की सफेद चादर ओढ़े सरोवर नगरी का मनोरम दृश्य सैलानियों ने अपने कैमरों में कैद किया।
हल्द्वानी में विगत सालों में मार्च में हुई बारिश
साल एक दिन में हुई बारिश पूरे माह में हुई बारिश
2023 58.2(21 मार्च) 83
2022 0 0
2021 0 0
2020 23.5(7 मार्च) 41.8
2019 4.3(3 मार्च) 8.2
2018 1.6(22 मार्च) 1.6
2017 2.9(9 मार्च) 4.8
2016 3.4(13 मार्च) 7.2
नोट-बारिश मिमी में। आंकड़े मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार।
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। सोमवार से मौसम साफ हो जाएगा। पहाड़ से लेकर मैदान तक अच्छी बारिश हुई है।
-डॉ. आरके सिंह, मौसम विज्ञानी, पंतनगर