स्मृति ईरानी के चैलेंज को राहुल गांधी ने स्वीकारा!, कांग्रेस प्रवक्ता का बड़ा दावा, कहा- अमेठी से लड़ेंगे लोस. चुनाव 

स्मृति ईरानी के चैलेंज को राहुल गांधी ने स्वीकारा!, कांग्रेस प्रवक्ता का बड़ा दावा, कहा- अमेठी से लड़ेंगे लोस. चुनाव 

अमेठी। अमेठी सांसद व केंद्रीय मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी ने अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर अमेठी आये पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को सिर्फ अमेठी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। उन्होंने राहुल गांधी की न्याय यात्रा को फ्लाप शो बताते हुए दावा किया कि खुद कांग्रेस के कार्यकर्ता ही राहुल गांधी की यात्रा में शामिल नहीं हुए, ऐसे में सवाल यह है कि जिसे खुद सहारे की जरूरत है, वह दूसरों के लिए सहारा कैसे बन सकता है।

अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के चार दिन के दौरे पर आयीं स्मृति ईरानी ने संवाददाताओं से बातचीत में राहुल गांधी पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अमेठी यात्रा लेकर पहुंचे हैं। उन्होंने अमेठी को सत्ता का केंद्र तो माना मगर उसकी सेवा नहीं की। यही कारण है कि उनका स्वागत अमेठी की सूनी सड़कों ने किया है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भी राहुल गांधी की यात्रा में हिस्सा नहीं लिया। यही वजह है कि कांग्रेस को सुलतानपुर और प्रतापगढ से कार्यकर्ता बुलाने पड़े।

स्मृति ने सिर्फ अमेठी से चुनाव लड़ने का दिया था चैलेंज

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल को अमेठी से पराजित करने वाली ईरानी ने उन्हें सिर्फ अमेठी सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी। उन्होंने कहा कि मैं राहुल गांधी को चुनौती देती हूं कि वह केवल अमेठी लोकसभा सीट से ही चुनाव लड़कर दिखायें। 

हालांकि भारत जोड़ो न्याय यात्रा को सफल बनाने के लिए कांग्रेस नेता व पार्टी कार्य कर्ताओं ने जी जान लगा दी थी, और पार्टी के कार्यकर्ताओं के प्रयास से भारत जोड़ो न्याय यात्रा सफल हुई थी। जन सभा के दौरान राहुल गांधी को सुनने आई भीड़ आतुर थी कि राहुल गांधी खुद ऐलान करेंगे कि 2024 का लोक सभा चुनाव अमेठी से ही लड़ेंगे। 

हालांकि जन सभा में एलान न होने से राहुल गांधी का अमेठी से चुनाव न लड़ने की अटकलें तेज है, और स्मृति ईरानी के बयान आने के बाद से राजनीति में हलचल और बढ़ गई है। 

वहीं कांग्रेस के प्रवक्ता और मीडिया प्रभारी अनिल सिंह ने दावा किया है कि हमारे नेता राहुल गांधी अमेठी से ही 2024 का लोक सभा चुमाव लड़ेंगे।

यह भी पढे़ं: प्रयागराज: मां ने रुपए नही दिए तो बेटे ने दे दी जान, परिवार में कोहराम