सुलतानपुर: 8.35 करोड़ से बने अग्निशमन केंद्र का कल होगा लोकार्पण, 376 गांवों को तत्काल मिलेगी दमकल की सुविधा 

सुलतानपुर: 8.35 करोड़ से बने अग्निशमन केंद्र का कल होगा लोकार्पण, 376 गांवों को तत्काल मिलेगी दमकल की सुविधा 

सुलतानपुर। कादीपुर तहसील क्षेत्र में लोगों को अब आग लगने पर सुलतानपुर मुख्यालय का मुंह नहीं ताकना होगा। अब कादीपुर से ही तत्काल दमकल की मदद मिल जाएगी। 8.35 करोड़ रुपये की लागत कादीपुर में अग्निशमन केंद्र बनकर तैयार है। इसका लोकार्पण गुरुवार को जनप्रतिनिधियों के हाथों किया जाएगा। 

जिला मुख्यालय से करीब 40 से 70 किमी पूर्वी क्षोर पर कादीपुर तहसील क्षेत्र अग्नि शमन केंद्र विहीन था। जिसके चलते आग की घटनाओं को बुझाने में जिला मुख्यालय से अग्नि शमन वाहन भेजा जाता था। दूरी होने के चलते समय लगने से अग्निकांड की घटनाओं पर तत्काल नियंत्रण नहीं मिल पाता था। अग्निकांड की घटनाओं में सब कुछ आग की चपेट में आ जाता था। 

स्थानीय लोगों की जरुरत व मांग को देखते हुए जिले की सांसद मेनका संजय गांधी, कादीपुर विधायक राजेश गौतम ने 28 जुलाई 2019 को कादीपुर तहसील मुख्यालय के चांदा रोड पर अग्नि शमन केंद्र का शिलान्यास किया था। अग्नि शमन केंद के निर्माण का जिम्मा कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस जल निगम को मिला था। 

शिलान्यास के करीब साढ़े चार साल बाद बनकर तैयार हुए अग्नि शमन केंद्र का लोकार्पण जिले की सांसद मेनका संजय गांधी व कादीपुर विधायक राजेश गौतम गुरुवार को करेंगे। आठ करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से बने फायर स्टेशन से अखंडनगर, दोस्तपुर, करौदीकला व कादीपुर विकासखण्ड के 376 गांवों को लाभ मिलेगा। 

कादीपुर विधान सभा के लोग अग्निकांड की घटनाओं पर तत्काल नियंत्रण पाने व नुकसान से भी बच पाएंगे। अब क्षेत्र के गांव और नगर में आग की घटनाओं की सूचना के बाद कम से कम समय में अग्निशमन विभाग पहुंचकर स्थितियों पर नियंत्रण करने में सक्षम होगा। फायर स्टेशन पर एक बड़ी एक छोटी दमकल गाड़ी के साथ एक लीडिंग फायर व 10 फायर आरक्षी की तैनाती है।

8 करोड 35 लाख से बनकर तैयार अग्नि शमन केंद्र में 26 आवासीय भवन, प्रशासनिक भवन, गैराज आदि का लोकार्पण गुरुवार को 11 बजे सांसद व विधायक करेंगे। तैयारी पूरी कर ली गई है।

                                                                                  संजय कुमार शर्मा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुलतानपुर 

यह भी पढे़ं: सीएम योगी ने विकसित भारत 'मोदी की गारंटी' अभियान का किया शुभारंभ, कार्यकर्ताओं को दी शाबाशी, बोले-बूथ जीता तो सब जीते