Sambhal News : बहन प्रियंका को साथ लाकर आरोप लगाने वालों का मुंह बंद कर गए राहुल

बिना मुंह खोले आचार्य प्रमोद के आरोपों का जवाब दे गये राहुल गांधी, कांग्रेस से निष्कासन के बाद आचार्य प्रमोद ने कहा था राहुल से नाराज हैं प्रियंका इसलिए नहीं हो रहीं भारत जोड़ो यात्रा में शामिल

Sambhal News : बहन प्रियंका को साथ लाकर आरोप लगाने वालों का मुंह बंद कर गए राहुल

भीष्म सिंह देवल,अमृत विचार। बहन प्रियंका गांधी की मौजूदगी ने मुरादाबाद मंडल में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को कई मायनों में खास बना दिया। एक तरफ जहां ससुराल मुरादाबाद में प्रियंका गांधी को राहुल के साथ देख कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह दोगुना हुआ वहीं बहन भाई के बीच नाराजगी की बातें करने वालों के मुंह भी बंद हो गये।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को शुरु हुए एक माह से ज्यादा का समय हो गया लेकिन इस बार बहन प्रियंका गांधी उनके साथ यात्रा में नजर नहीं आईं तो चर्चाऐं शुरु हो गई। 10 फरवरी को कांग्रेस ने आचार्य प्रमोद कृष्णम को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित किया तो अगले दिन 11 फरवरी को आचार्य प्रमोद कृष्णम ने पत्रकार वार्ता में कहा था कि कांग्रेस में प्रियंका गांधी की भी बहुत तौहीन हो रही है। पत्रकारों से कहा था कि प्रियंका गांधी से पूछो क्या  वह खुश हैं,और राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में क्यों नहीं जा रही हैं।

आचार्य प्रमोद के इन आरोपों पर कांग्रेस ने उस समय कोई जवाब नहीं दिया था। अब शनिवार को मुरादाबाद मंडल में दाखिल हुई भारत जोड़ो न्याय यात्रा में राहुल गांधी के साथ बहन प्रियंका गांधी साथ खड़ी नजर आईं तो बहन-भाई के बीच नाराजगी का दावा करने वालों के मुंह बंद हो गये। बड़ी बात यह कि राहुल गांधी यात्रा लेकर आचार्य प्रमोद कृष्णम के गांव से महज 6 किलोमीटर दूर से गुजरते हुए संभल पहुंचे। अपने गांव में ही आचार्य प्रमोद कृष्णम ने पत्रकार वार्ता कर प्रियंका गांधी के नाराज होने का दावा किया था।

ये भी पढ़ें ; Sambhal News : सपा सांसद डॉ. बर्क बीमार हुए तो टिकट के लिए सक्रिय हुआ विधायक खेमा