बरेली: सपा नेता ने बेटों संग चलाई गोलियां, दो गिरफ्तार, गांव ठिरिया नथमल में भूमि को लेकर हुआ विवाद

बरेली: सपा नेता ने बेटों संग चलाई गोलियां, दो गिरफ्तार, गांव ठिरिया नथमल में भूमि को लेकर हुआ विवाद

बरेली/बहेड़ी, अमृत विचार : बहेड़ी क्षेत्र के गांव ठिरिया नथमल में ग्राम समाज की जमीन को लेकर सपा नेता समेत दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि सपा नेता ने बेटों संग लाइसेंसी राइफल से फायरिंग की। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे भी चले। दोनों पक्ष ने एक दूसरे पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। सपा नेता के दोनों बेटों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लाइसेंसी राइफल भी बरामद कर ली है।

सपा नेता ठाकुर चंद्र पाल सिंह और पड़ोसी सरदार कुलवंत सिंह के बीच ग्राम समाज की कुछ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। दोनों के घर भी आसपास हैं। शुक्रवार सुबह विवाद की वजह रास्ते में पड़ा एक पत्थर बना। जिसे हटाने को लेकर पहले कहासुनी हुई और फिर देखते ही देखते लाठी डंडे चलने लगे।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सपा नेता ने बेटे सुबोध और गौरव के साथ फायरिंग करनी शुरू कर दी। गांव में दहशत फैल गई। विवाद में चंद्र पाल सिंह और उनके दोनों बेटे व दूसरे पक्ष के कुलवंत, कुलजीत व गुरमीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहले डायल 112 की टीम पहुंची। कोतवाल प्रवीण कुमार सोलंकी भी पहुंच गए और घायलों को अस्पताल भिजवाया। जहां घायलों की हालत गंभीर देखते हुए बरेली रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने मौके से सपा नेता के बेटे गौरव और सुबोध को गिरफ्तार कर लाइसेंसी राइफल और तमंचा बरामद कर लिया है। कुलवंत सिंह की तहरीर पर पुलिस ने ठाकुर चंद्र पाल सिंह व उनके दोनों बेटों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

उधर, सपा नेता की तहरीर पर भी मारपीट समेत अन्य धाराओं में कुलवंत समेत अन्य पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है। एडीशनल एसपी डॉ. तेजवीर सिंह भी गांव पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया।

दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सपा नेता के दोनों बेटों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।- डॉ. तेजवीर सिंह, एडीशनल एसपी

ये भी पढ़ें - बरेली: घूसखोरी में एसडीओ को भी किया निलंबित, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक की कार्रवाई