Exclusive: राम लहर पर सवार होकर चुनाव मैदान में कूदेगी BJP, 25 मार्च तक चलेगा श्रीराम जन्मभूमि मंदिर दर्शन अभियान
राम लहर पर सवार होकर चुनाव मैदान में कूदेगी भाजपा।

राम लहर पर सवार होकर चुनाव मैदान में कूदेगी भाजपा। लोकसभा चुनाव तक राममय माहौल को भाजपा की रणनीति। 25 मार्च तक श्रीराम जन्मभूमि मंदिर दर्शन अभियान चलेगा।
कानपुर, (महेश शर्मा)। भाजपा ने तीसरी बार मोदी सरकार बनाने को कमर कस ली है। अबकी बार जनता में असर डालने वाले जुमले से दूर भाजपा देश में राममय माहौल बनाने के लिए कमर कस चुकी है। राम के प्रति अटूट आस्था जागरण के बूते यूपी की सभी 80 लोकसभा सीटें जीतने का संकल्प भाजपा ने लिया है।
प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने जनप्रतिनिधियों को परिपत्र (सरकुलर) जारी करके दिशा निर्देश भेजे हैं। भाजपा ने 25 मार्च तक श्रीराम मंदिर दर्शन अभियान की कार्य योजना को अंतिम रूप दिया है।
इसे श्रीराम के जन्मभूमि पर विराजित होने के बाद इस अलौकिक क्षण से जुड़ने के लिए योजना भेजी गयी है। अयोध्या धाम से भेजे गए पीले अक्षत, पत्रक राम मंदिर का चित्र देकर दर्शन के लिए आमंत्रित करने का कार्य रविवार 14 जनवरी को समाप्त हो जाएगा। इस कार्ययोजना की सख्त मॉनीटरिंग की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के परिपत्र के मुताबिक 14 से लेकर 22 जनवरी तक मंदिरों और देवालयों में स्वच्छता कार्यक्रम चलेगा। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर किया जा रहा है। इस दिन से लेकर 22 जनवरी तक सभी छोटे बड़े मंदिरों की वृहद सफाई, धुलाई, रंगरोगन, साजसज्जा की जाएगी।
इसमें सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों को किसी न किसी मंदिर पहले निर्धारित करके यह कार्य करना है और नेतृत्व को अवगत कराना है। कार्यक्रम से पहले व बाद की सूचना व फोटो सोशल मीडिया एकाउंट में डालने को कहा गया है। कौन से कार्यकर्ता किस मंदिर में रहेंगे, यह सूचना भी भेजन अनिवार्य होगा।
इसके लिए संवाद के लिए संपर्क सूत्र त्र्यबंक त्रिपाठी (9984363244) को बनाया गया है। इसी के साथ 22 को प्राण प्रतिष्ठा दिवस पर मंदिरों में विशेष आयोजन किए जाएंगे। आसपास के श्रृद्धालुओं को सुबह दस बजे निकटस्थ मंदिर में आमंत्रित करें। लाइव प्रसारण के लिए स्क्रीन, राम मंदिर स्ट्रक्चर, रोली अक्षत, दीप आदि की व्यवस्था करना होगा।
इसी दिन घरों पर शाम को प्रत्येक घर में कम से कम पांच दीये जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। इसके साथ ही 25 जनवरी से 25 मार्च 2024 तक श्रीराम जन्मभूमि मंदिर दर्शन की व्यवस्था की जाएगी। इस दर्शन अभियान में प्रदेश के एक लाख 62 हजार बूथों से दो से लेकर पांच रामभक्तों को लाने व दर्शन कराने से लेकर घर तक पहुंचाने की व्यवस्था करनी होगी।
इन रामभक्तों का स्थानीय नागरिक स्वागत करेंगे। राम के चित्र पर माल्यार्पण व प्रसाद वितरण किया जाएगा। रामभक्तों को रजिस्ट्रेशन फीस लेकर ही दर्शन को लाना होगा। इन्हें परिचय पत्र दिया जाएगा। सूचीबद्ध करके लाना होगा। कारसेवकों को टोली अयोध्या में समस्त व्यवस्था करेगी। स्पेशल ट्रेन की भी व्यवस्था की गयी है।
श्रीराम जन्मभूमि दर्शन अभियान के लिए संपर्क सूत्र अनूप गुप्ता (9415100007), मोहित बेनीवाल (7500505152), शिवभूषण सिंह (9473526938), दुर्गा राय (7905491167), नागेंद्र दुबे (9412261355) होंगे। अयोध्या धाम पहुंचने के बाद स्वागत एवं कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं। संपर्क सूत्र विजय प्रताप सिंह (9415750163) व कमलेश श्रीवास्तव 9648102000) होंगे। रामभक्तों के विवरण में नाम, मोबाइल नंबर, पता, आधार नंबर, बूथ संख्या, और पासपोर्ट साइज की फोटो भी शामिल है।