लखनऊ: गर्म हवाओं के साथ पारा पहुंचा 42.3 डिग्री, जानिए कल कैसा रहेगा मौसम

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार। शनिवार को मौसम में बदलाव देखा गया। आंशिक बादल छाए रहे, फिर भी तापमान में कमी नहीं आई। वहीं रविवार को बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। शनिवार को प्रचंड धूप और गर्म हवा के थपेड़ों ने पारा 42.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा दिया। दिन में 2 बजे तक अधिसंख्य सड़कों पर दोपहिया और पैदल चलने वालों की आवाजाही न्यूनतम हो गई। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को तापमान और ऊपर जा सकता है।

धूप और गर्मी के कारण सुबह 12 बजे तक ही पारा 40 डिग्री के ऊपर पहुंच गया था। इसके कुछ देर में तापमान 42.3 डिग्री तक पहुंचा। मौसम विभाग के अनुसार आसमान साफ है और धूप का असर धरती पर सीधा पड़ रहा है। शुष्क पछुआ भी मैदानी इलाकों में गर्म है। ऐसे में तापमान दिन में तेजी से ऊपर चढ़ रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम पारा 23.2 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक रहा, तो वहीं न्यूनतम तापमान में 0.1 डिग्री की गिरावट आई। रविवार को अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है।

अमौसी स्थित मौसम केंद्र के अनुसार एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश के ऊपर से निकलने वाला है। इसका असर शनिवार रात में दिखना शुरू होगा। रविवार को दिन में बादलों की आवाजाही रह सकती है। इससे दिन के तापमान में थोड़ी कमी आने का पूर्वानुमान है। इक्का-दुक्का जगह बूंदाबांदी हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में बूंदाबांदी या बौछार पड़ सकती है। विक्षोभ गुजर जाने के बाद मौसम फिर गर्म होने लगेगा।

यह भी पढ़ें:-पहलगाम हमले में मारे गये लोगों को अखिलेश यादव ने बताया ''शहीद'' कहा- सरकार के फैसलों के साथ पूर देश खड़ा है

संबंधित समाचार